मोहल्लों में चलना हुआ मुश्किल, मेडिकल कॉलेज के वार्डों में भी भरा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। दो दिन की बारिश से किसानों को राहत मिली है। धान के साथ ही दलहनी और तिलहनी फसलों के लिए यह पानी अमृत माना जा रहा है। लेकिन जलभराव से लोगों की मुश्किलें भी बढ़ी हैं।
मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी और आयुष्मान वार्ड में पानी भर गया है। मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार को सुबह कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद पानी बाहर निकाला।
शहर के दहिलामऊ स्थित साकेत गर्ल्स डिग्री कॉलेज के पीछे पूर्व विधायक बृजेश सौरभ की गली में रविवार को भी पानी भरा रहा। राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरे ईश्वरनाथ में सड़क पर रविवार को दिनभर पानी भरा रहा।
-
बारिश में ही टूट गई निर्माणाधीन नाली
बीरापुर। रानीगंज की नगर पंचायत सुवंसा के वार्ड नंबर तीन में 8.45 लाख रुपये की लागत से नाली का निर्माण किया जा रहा था। शनिवार की शाम हुई बारिश के दौरान निर्माणाधीन नाली टूट गई। लोगों में चर्चा है कि घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग करने की वजह से नाली पहली बारिश नहीं झेल पाई है। संवाद
-
शनिदेव धाम के पास सड़क बही, खतरा बना गड्ढा
विश्वनाथगंज। शनिदेव धाम के प्रवेश द्वार के निकट बारिश के दौरान आधी सड़क बह गई। कटान की वजह से क्षतिग्रस्त सड़क के बगल करीब दस फीट गहरा गड्ढा हो गया है, जो राहगीरों और धाम आने वाले श्रद्धालुओं के खतरा है।
शनिदेव धाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। शनिवार को मेला भी लगता है। सड़क टूटने की जानकारी लोक निर्माण विभाग खंड दो के अधिकारियों को दी गई, लेकिन कोई देखने नहीं आया। शनिदेव धाम के महंत मंगलाचरण ने डीएम का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सड़क ठीक कराने की मांग की है। संवाद
प्रताप बहादुर चिकित्सालय के आयुष्मान वार्ड में भरा बारिश का पानी। संवाद