मानधाता। मानधाता इलाके में बृहस्पतिवार को बाइक सवार दो बदमाश दिनदहाड़े सराफा दुकान में घुसकर डेढ़ लाख के जेवरों से भरा बैग लूटकर भाग निकले। विरोध करने पर सराफ पर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस बदमाशों की तलाश करती रही, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। बदमाशों को दबोचने में नाकाम मानधाता पुलिस घटना को ही संदिग्ध बताने लगी।
मानधाता थाना क्षेत्र के भगवतगंज निवासी शिवा सोनी (25) पुत्र कल्लू सोनी ने घर के करीब बाजार में आभूषण की दुकान खोल रखी है। बृहस्पतिवार को वह दुकान पर बैठा था। दोपहर करीब बारह बजे बाइक से दो बदमाश मास्क लगाकर उसकी दुकान पर पहुंचे और शिवा से आभूषण दिखाने के लिए कहा। इस बीच वह करीब डेढ़ लाख के सोने व चांदी के जेवरात से भरा बैग लेकर भागने लगे। शिवा उनका विरोध करने लगा। इस पर बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। वह दुकान पर लगे शीशे पर गिरकर घायल हो गया।
शिवा के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश प्रतापगढ़ की ओर भाग चुके थे। सूचना मिलने पर डायल 112 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर बाद मानधाता थानाध्यक्ष भी पहुंच गए। वह शिवा से पूछताछ करने के बाद बदमाशों के भागने की दिशा में खोजबीन करने निकले, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। एसओ मानधाता ने बताया कि तहरीर मिली है। जिस तरह वारदात का तरीका बताया जा रहा है, वह गले नहीं उतर रहा है। बाजार में काफी भीड़ रहती है और बदमाश भागने में कामयाब हो गए। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।
आर्डर के जेवर घर छोड़कर आया था
ग्राहकों के आर्डर पर शिवा ने सहालग के लिए सोने चांदी के आभूषण बनाकर रखा था। यह तो गनीमत रही कि वह आर्डर वाले जेवर घर में ही छोड़ आया था। अन्यथा बदमाश अधिक जेवरात लूटकर भाग निकलते। घटना के बाद बाजार के व्यापारी खौफजदा हैं।
शार्ट सर्किट से टाइनी शाखा में लगी आग
मानधाता। सांसद संगमलाल गुप्ता के प्रतिनिधि लोकेश गुप्ता की टाइनी शाखा में शार्ट सर्किट के दौरान आग लग गई। जिससे काफी नुकसान हो गया। मानधाता-जेठवारा मार्ग पर लोकेश गुप्ता ने बैंक आफ बड़ौदा टाइनी शाखा खोल रखा है। बृहस्पतिवार को अचानक तेज लाइट आ गई। जिससे शार्ट सर्किट से टाइनी शाखा का इनवर्टर, बैट्री, लैपटॉप समेत अन्य सामान जलने लगे। बाजार के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना के बाद भी फायरब्रिगेड कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। तेज लाइट के चलते बाजार के लोगों का भी नुकसान हुआ। इलेक्ट्रानिक्स सामान जल गए। इससे उपभोक्ताओं में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिला।
संविधान का पालन कर सभी नागरिकों का कर्तव्य
प्रतापगढ़। मॉइनारटीज वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ने कचहरी में बृहस्पतिवार को संविधान दिवस मनाया। जिसमें नागरिकों को बताया गया कि वह संविधान का पालन अपना कर्तव्य मानकर करें। जिससे उनके देश का संविधान और मजबूत हो सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष मौलाना ताजदार अहमद ने कहा कि हम सभी को संविधान की कद्र करनी चाहिए और उसके बताए तरीकों पर जिंदगी जीने की कोशिश करनी चाहिए। सचिव जफरुल हसन ने कहा कि संविधान में सब लोगों को बराबरी का हक है। अधिवक्ता जफरुल हसन ने कहा कि संविधान को तोड़ा-मरोड़ा जा रहा है। इसकी सुरक्षा करना हम सभी देशवासियों का कर्तव्य है। इसके पूर्व सीनियर अधिवक्ता सिराजुद्दीन ने संविधान की प्रस्तावना पढ़कर सुनाया। इस मौके पर हाजी महबूब, इरफान खान, साबिर अली, अशफाक अहमद, नसीम, सुरेश नारायण तिवारी, जय प्रकाश सिंह, चंद्रशेखर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।