स्थानीय बाजार में रविवार रात दुकान लूटने आए बदमाशों से सर्राफ भिड़ गया। इस बीच दुकान में रखी तेजाब की शीशी गिर गई। जिससे सर्राफ बाल-बाल बचा। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़े और भाग रहे बदमाशों को दबोचकर पीटा। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
जेठवारा थाना क्षेत्र के कटरागुलाबसिंह बाजार में सर्राफ मयंक कौशल उर्फ अंशू की सर्राफा की दुकान है। रविवार की रात उसकी दुकान पर बाइक सवार दो लोग पहुंचे। उन्होंने जेवरात देखने के साथ ही कुछ जेवरात बनाने के लिए आर्डर भी दिया। मयंक का आरोप है कि बदमाशों ने उसके गल्ले से जेवरात निकालने का प्रयास किया। इस पर वह उनसे भिड़ गया। उनके बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान आभूषण साफ करने के लिए रखी तेजाब की शीशी गिर गई। जिससे मयंक बाल-बाल बचा। उसने शोर मचाया तो बाजार के लोग दौड़ पड़े। यह देख बदमाश वहां से भागने लगे। लोगों ने दौड़ाकर दोनों को धर दबोचा और उनकी पिटाई करने लगे।
इस बीच अफवाह फैली कि तीसरा साथी भाग निकला है। काफी देर तक बाजार के लोग उसकी तलाश करते रहे लेकिन वह नही मिला। पकड़े गए दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। एसओ दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि पकड़े गए युवकों का इरादा लूटपाट का ही था। वे सुलतानपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं, उनसे पूछताछ के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।