उदयपुर थाने की जीप मंगलवार रात अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में एक दरोगा और चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। एसएसआई समेत तीन लोगों को गंभ्ीार हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसा ट्रक के सामने आ जाने के कारण हुआ। सिपाही की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
उदयपुर थाने में तैनात एसएसआई गया प्रसाद शुक्ल मंगलवार रात सिपाही राजेश सिंह, अशरफ अली, श्रवण कुमार व विकास सिंह को लेेकर रायबरेली-प्रतापगढ़ रोड पर गश्त करने के लिए निकले थे। रात लगभग सवा तीन बजे नया पुरवा के पास जैसे ही पुलिस जीप पहुंची कि रायबरेली की तरफ से तेज रफ्तार एक ट्रक सामने आ गया।
बताया जाता है कि ट्रक की हेड लाइट की चमक से चालक नियंत्रण खो बैठा और जीप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में एसएसआई गया प्रसाद शुक्ल, श्रवण कुमार व विकास को गंभीर चोटें आईं। उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सिपाही राजेश सिंह व अशरफ अली का इलाज कर कर छोड़ दिया गया। सिपाही राजेश सिंह की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।