बाइकों की आमने-सामने भिड़त में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। मासूम बच्ची को भी मामूली चोटें आईं। सभी को उपचार के लिए इलाहाबाद रेफर कर दिया गया। बाइक चला रहे लोग हेलमेट नहीं लगाए थे। जिला अस्पताल से लेकर घटनास्थल रेड़ी तक घायलों की चीख पुकार से अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा।
जेठवारा थाना क्षेत्र छेदी का पुरवा निवासी संजय (45) अपने मामा के लड़के धीरज (25) निवासी बाबूगंज के साथ रविवार को बाइक से बहन के घर तुलसी का पुरवा अजगरा थाना लालगंज गया था। रात करीब पौने नौ बजे वह भांजी कोमल (3) को साथ लेकर घर के लिए निकला। जब वह बाइक लेकर रेड़ी गांव के करीब पहुंचा।
तभी सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। पीछे आ रही दूसरी बाइक भी उनसे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइकों पर सवार लोग सड़क किनारे खाई व झुरमुटों में जा गिरे। किसी का चप्पल सड़क पर पड़ा था तो किसी का जूता दूर गिरा था। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। राहगीर भी घायलों की मदद को आगे आए। लोगों ने खाई में गिरे लोगों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल संजय, धीरज, कोमल, प्रदीप (25) निवासी कूल्हीपुर मानधाता और विकास (27) निवासी सहबाजपुर मऊआइमा इलाहाबाद को लोगोें ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। जहां डाक्टरों ने धीरज और विकास को मृत घोषित कर दिया।
कुछ देर बाद दूसरी एंबुलेंस से राहुल (16) पुत्र फूलचंद्र निवासी कूल्हीपुर, राजकुमार (30) पुत्र भागीरथी निवासी छेदी का पुरवा जेठवारा को जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने संजय, प्रदीप, राहुल, राजकुमार को इलाहाबाद रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में परिवारीजनों के पहुंचने के बाद कोहराम मचा रहा। मृतक विकास अपने रिश्तेदारों के साथ बाइक से रिश्तेदारी वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रतापगढ़ शहर आ रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।