अमेठी-चिलबिला मार्ग पर गुरुवार को किराना का सामान लेकर जा रहा ट्रक पलट गया। आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। इस दौरान कुछ ग्रामीण मदद के बजाए तेल व घी लूटने में जुट गए। चालक व खलासी ने पुलिस को फोन किया, तब जाकर ग्रामीण पीछे हटे।
बरेली से किराने का सामान लादकर गुरुवार को एक ट्रक चिलबिला स्थित थोक कारोबारी के गोदाम पर उतारने के लिए जा रहा था। लोहंगपुर के करीब सुबह सात बजे ट्रक के सामने नीलगाय आ गया। उनसे बचने के लिए चालक मुनेश (25) ट्रक से नियंत्रण खो बैठा। जिसके चलते ट्रक खड्ड में पलट गया। उस पर लदे सामान दूर तक बिखर गए। तेज आवाज आने पर आसपास के लोग दौड़ पड़े। ट्रक में फंसे चालक मुनेश और ओमवीर को ग्रामीण निकालने लगे। इस बीच मौका पाकर कुछ लोग तेल, घी लूटने लगे। चूंकि चालक व खलासी दोनों मामूली रूप से घायल हो गए थे। सामान चोरी होते देख चालक व खलासी संग गांव के कुछ लोग भी ऐसा करने वाले लोगों का विरोध करने लगे। चालक ने घटना की जानकारी व्यापारी और पुलिस को दी। जिसके बाद सामान उठा ले जाने वाले ग्रामीण भाग निकले।