कटरा गुलाब सिंह में शनिवार को एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। उसके मलबे में तीन मासूम दब गए। शोर पर गांव के तमाम लोग पहुंच गए। किसी तरह मलबे से बाहर निकालकर तीनों बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया।
जेठवारा थाना क्षेत्र के कटरा गुलाब सिंह गौरा निवासी मुन्ना रजक के बच्चे शनिवार सुबह कच्चे गारा से बने मकान में खेल रहे थे। अचानक भरभराकर मकान गिर पड़ा। इससे मलबे के नीचे स्वाती (5), रंजना (4) व मनोज (2) दब गए। शोर पर परिजनों के साथ गांव के तमाम लोग पहुंच गए। किसी तरह मलबा हटाकर तीनों मासूमों को लेकर घरवाले जिला अस्पताल पहुंचे। हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। उधर रख्ाहा प्रतिनिधि के मुताबिक मकान गिरने से मजदूर समेत तीन घायल हो गए। कंधई के मलानी निवासी पंकज कुमार ओझा के पुराने मकान की छत शनिवार की सुबह मजदूर तोड़ रहे थे। पंकज (22) भी उन्हीं के साथ खड़ा था। अचानक मकान का छत समेत जमींदोज हो गया। जिसके मलबे में पंकज, मजदूर लल्ला (35) व हीरालाल (55) निवासी जोगीपुर आकर घायल हो गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया।