किसान का बेटा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए इलाहाबाद में रहता था। घर वालों का सपना था कि बेटा एक दिन आईएएस बनेगा। यही सपना संजोए युवक ने 2014 की आईएएस की परीक्षा में इंटरव्यू दिया था। शायद ईश्वर को यह सपना मंजूर नहीं था। मंगलवार की शाम को साथियों संग मकान मालिक की बेटी की शादी में शरीक होने के लिए बाइक से निकला था। रास्ते में उग्रसेनपुर के पहले सामने से आ रही विक्रम ने जोरदार टक्कर मार दी।
जिससे फतनपुर थाना क्षेत्र के केवराकला निवासी चन्द्रभान पांडेय (26) वर्ष पुत्र गिरिजा शंकर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। साथी धर्मेंद्र का हाथ टूट गया। घटना की जानकारी होने पर मकान मालिक हरिकृष्ण शुक्ला तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को अस्पताल ले गए। मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीण व परिजन भागकर अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव घर आने पर मां व बहन का रो-रोकर बुरा हाल था। चन्द्रभान के मिलनसार स्वाभाव को लेकर गांव का हर व्यक्ति गमगीन हो गया। वहीं इस परिवार का चिराग बुझ गया। घर में इकलौती संतान होने के नाते लोगों ने बड़ी आश लगा रखी थी।