कोहंडौर एसओ की मनमानी के विरोध में दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों ने बुधवार को एएसपी पूर्वी का घेराव किया। एएसपी ने सभी की बातों को सुनने के बाद एसओ को जमकर खरीखोटी सुनाई। पीड़िता को मां से दूर करने पर एसओ महिला को भी फटकार लगाई।
कोहंडौर इलाके में 4 फरवरी को एक किशोरी के साथ एक युवक ने मुंह काला किया था। इस मामले में एएसपी पूर्वी बृजेश मिश्रा ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आदेश दिया था। एएसपी के आदेश के बाद भी एसओ कोहंडौर ने आरोपी के खिलाफ केवल छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज की। जबकि सीओ सिटी ने पीड़िता का बयान लेने के साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण किया तो घटना सत्य मिली थी।
एसओ के मनमाने रवैये के विरोध में बुधवार को पीड़िता की मां और गांव के दर्जनों लोग फिर इंसाफ मांगने के लिए एएसपी पूर्वी को घेर लिया। कहाकि एसओ पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाकर आरोपी की मदद कर रहे हैं। उसके शिकायती पत्र को दरकिनार कर दूसरी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसपी ने सीओ सिटी से बात की तो उन्होंने घटना को सत्य बताया। इसके बाद तो एएसपी का पारा गरम हो गया। उन्होंने एसओ कोहंडौर को गलत रिपोर्ट दर्ज करने पर जमकर फटकार लगाई। पीड़िता को उसकी मां से दूर रखने पर महिला एसओ को भी खरीखोटी सुनाई। कहाकि मेडिकल और बयान के लिए पीड़िता के साथ उसकी मां को भी रखा जाए। जरूरत होने पर ही पीड़िता को बुलाया जाए। सीओ सिटी ने बताया कि दर्ज रिपोर्ट को दुष्कर्म में तब्दील कर लिया गया है। मेडिकल के लिए पीड़िता को भेजा गया है।
कोहंडौर एसओ राजकिशोर के खिलाफ ग्रामीणों की शिकायत को देखते हुए उनके खिलाफ जांच का आदेश एएसपी पूर्वी ने दिया है। दुष्कर्म के मामले को छेड़छाड़ में बदलकर रिपोर्ट दर्ज करने और पीड़िता के परिजनों को परेशान करने से नाराज एएसपी ने एसओ के खिलाफ सीओ सिटी को जांच का आदेश दिया है। उन्होंने कहाकि थानाध्यक्ष ने गंभीर प्रकरण को हल्के में लिया। रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।