प्रतापगढ़। दुकानदाराें को किराने का सामान देने और तकादा करने के बाद घर जा रहे कारोबारी और उसके लोडर चालक को गोली मारकर लूट का प्रयास किया गया। गोली शीशा तोड़ते हुए लोडर के अंदर पहुंची और छर्रे लगने से दोनाें घायल हो गए। लोडर असंतुलित होकर खाई में पलट गया। यह देख लुटेरे भाग निकले और पैसा नहीं ले जा सके। घटना शुक्रवार रात की है।
जौनपुर जिले के मुंगरा बादशाहपुर बाजार निवासी महेंद्र गुप्ता (32) किराना के सामान का थोक विक्रेता है। वह लोडर से सामान बाजारों में पहुंचाने का भी काम करता है। उसका लोडर करीब के ही आशापुर गांव निवासी सुभाष यादव (36) चलाता है। दोनाें शुक्रवार को लोडर से सामान लेकर फतनपुर इलाके में आए थे। क्षेत्र के कई बाजारों में सामान देने के बाद पैसा लेकर देर रात घर जा रहे थे। बादशाहपुर-प्रतापगढ़ मार्ग पर फतनपुर थानान्तर्गत धरी मोड़ के पास पीछे से पहुंचे बाइक सवार दो बदमाशों ने चालक पर गोली चला दी। गोली शीशा तोड़ते हुए भीतर घुसी और दोनाें को छर्रे लग गई।
लोडर असंतुलित होकर खाई में पलट गया। यह देख लुटेरे भाग निकले। घटना देर राहगीर रुक गए और आसपास के लोग भी पहुंच गए। लोगों ने दोनों को लोडर से निकाला और उनके परिजनों के साथ ही फतनपुर पुलिस को भी सूचना दी। कुछ ही देर में बादशाहपुर से सैकड़ों लोग पहुंचे और दोनों घायलों को एक प्राइवेट चिकित्सक के पास ले गए। बाद में फतनपुर पुलिस पहुंची तो उसे लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने पुलिस पर निष्क्रियता बरतने का आरोप भी लगाया। एसओ फतनपुर केडी सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। लूट नहीं हुई है। अपराधियों की तलाश की जा रही है।