मट्टन नाले में डूबने से छात्र की मौत के बाद सड़क जाम करने के दौरान हुए बवाल व पथराव में घायल सीओ लालगंज और एसओ उदयपुर ने गुरुवार को अपना मेडिकल कराया। उधर, पुलिस के पहरे में मृतक छात्र के शव को दफनाया गया। मौके पर सीओ लालगंज चार थानों की फोर्स और पीएसी के साथ मुस्तैद रहे। उदयपुर थाना क्षेत्र के आमीशंकरपुर निवासी अर्जुन सरोज (18) पुत्र रामकिशुन सरोज मंगलवार को कपड़ा धोने गांव के समीप मट्टन नाले पर गया था। देर रात नाले में उसका शव मिला। रात में ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद अर्जुन का शव घर पहुंचते ही परिवारीजन व ग्रामीणों ने उसका दोबारा पोस्टमार्टम कराने और घटना की सीबीआई से जांच कराने की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। बवाल की आशंका पर सीओ लालगंज ओपी दुबे भी पहुंचे। इसके पहले लालगंज, सांगीपुर और उदयपुर एसओ मौके पर पहुंचे थे। उग्र ग्रामीणों को समझाने के दौरान बवाली लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जान बचाने के लिए पुलिसकर्मियों को भागना पड़ा। सीओ की जीप भी ग्रामीणों ने तोड़ दी थी। पुलिस ने ग्रामीणों को खदेड़ा और जो मिल गया उसे लठियाया भी। पथराव में सीओ समेत सात पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा भी मौके पर पहुंचे।
इस मामले में पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर गांव के ही रामसजीवन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। वह घर से फरार था। रातभर पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील रहा। गुरुवार को सीओ लालगंज ओपी दुबे, एसओ उदयपुर वीरेंद्र मिश्रा ने सीएचसी में अपना मेडिकल कराया। दोपहर में पुलिस के पहरे के बीच घर के करीब ही अर्जुन के शव को दफनाया गया। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। एहतियात के तौर पर गांव में उदयपुर पुलिस के साथ पीएसी मुस्तैद कर दी गई है। सीओ लालगंज ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों की गतिविधियों को खंगाला जा रहा है। पथराव व बवाल करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा।
उदयपुर थाना क्षेत्र के आमीशंकरपुर में मट्टन नाले में मृत मिले अर्जुन सरोज की हत्या की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने बुधवार को सांगीपुर-राहाटीकर मार्ग पर जाम लगा दिया था। पुलिस पर पथराव भी कर दिया। जिससे सीओ समेत सात पुलिसकर्मी घायल हो गए। बाद में पुलिस ने ग्रामीणों को खदेड़ा। जिसके बाद लोग भाग निकले। जो सामने मिला, उनकी खबर लेने के बाद पुलिस सभी को थाने उठा ले गई। पुलिस के सख्त कार्रवाई की आशंका में गांव के पुरुष घर छोड़कर फरार हो गए। घर पर केवल महिलाएं ही हैं।
उदयपुर के आमीशंकरपुर में पुलिस पर पथराव करने वाले ग्रामीणों को भी सजा भुगतनी होगी। सूत्रों की मानें तो पुलिसकर्मियों ने बवाली लोगों को चिह्नित कर लिया है। जिसमें दस लोग पुलिस के निशाने पर हैं। उनके खिलाफ नामजद और 120 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी भी अंदरखाने में चल रही है। इसमें महिलाओं के नाम भी शामिल हो सकते हैं। सीओ लालगंज ओमप्रकाश दुबे ने बताया कि अब पुलिस की ओर से पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
जिस अर्जुन सरोज के लिए बुधवार की शाम सड़क पर उतरकर सैकड़ों ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की थी, वह गुरुवार को दूर-दूर तक नजर नहीं आए। पुलिस के खौफ से बवाली तो दूर आसपास के युवक भी अंतिम संस्कार मेें शामिल नहीं हुए। मृतक अर्जुन के पिता व भाइयों के अलावा रिश्तेदार और गांव के बुजुर्ग लोग शामिल हु