सांगीपुर इलाके में अराजकतत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। मंदिर में घुसकर हनुमान प्रतिमा विखंडित कर दी गई। खबर पर कुछ देर के लिए गांव में तनाव फैल गया। हालांकि ग्रामीणों की सूझबूझ से मामला शांत हो गया। विखंडित प्रतिमा को नदी में विसर्जित कर दिया गया है। मंदिर में शीघ्र ही नई प्रतिमा लगाई जाएगी।
सांगीपुर-लालगंज मार्ग पर देऊम पश्चिम में स्व. गया प्रसाद शुक्ल ने घर के सामने मंदिर कर निर्माण कराया है। मंदिर में पूजा पाठ बिजहड़ी के लालता प्रसाद करते हैं। शुक्रवार को शाम सात बजे पूजा करने के बाद वह घर चले गए। रात में किसी ने मंदिर में घुसकर हनुमान प्रतिमा खंडित कर दी। साथ ही मंदिर में रखा सामान भी इधर उधर फैला दिया। लालता प्रसाद सुबह पंाच बजेे मंदिर में पूजा करने तो प्रतिमा विखंडित देख उनके होश उड़ गए। जानकारी पर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। प्रतिमा विखंडित होने से लोगों में आक्रोश था। खबर पर पुलिस पहुंची। शहर मुख्यायल से गया प्रसाद शुक्ल के पुत्र राजन शुक्ल भी पहुंचे और गांववालों को समझाकर शांत कराया। शीघ्र नई प्रतिमा स्थापित कराए जाने का आश्वासन भी दिया। बाद में विखंडित प्रतिमा को सई नदी में विसर्जित कर दिया गया। यहां से राजन शुक्ल के साथ गांव के कुछ लोग नई प्रतिमा लाने के लिए शहर की ओर रवाना हो गए। प्रतिमा के विखंडित होने के चलते लोगों में पनपे आक्रोश को कुछ देर के लिए देख पुलिस के हाथ पांव फूल गए थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रतिमा विखंडित करने वालों की तलाश की जा रही है। उन्होने कहा कि घटना किसी मनोरोगी की करतूत भी हो सकती है।