फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बृजेश के हत्यारोपियों के आगे एसटीएफ और क्राइम ब्रांच लाचार

Mon, 12 Nov 2018 01:31 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
विज्ञापन
क्राइम - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
कंधई मधुपुर मिश्र का पुरवा में गोलियों से भूने गए बृजेश मिश्रा के हमलावरों के आगे एसटीएफ और क्राइम ब्रांच लाचार नजर आ रही हैं। घटना के 48 घंटे बाद भी पुलिस हमलावरों का सुराग तक नहीं पा सकी है। पुलिस दबिश का दावा करती रही, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा। दबिश के दौरान कोर्रा में वृद्ध को पुलिसकर्मियों ने पीट दिया। बहरूपुर के युवक को रिश्तेदारी से पुलिस उठा लाई। नामजद आरोपी के साथ एसटीएफ व क्राइम ब्रांच हब्बू व उसके गिरोह के सदस्यों की तलाश कर रही हैं। 
विज्ञापन


शनिवार को घर से बुलाकर बृजेश मिश्रा को गोलियों से छलनी करने वाले हत्यारोपी बाइक से भाग निकले। आरोपियों की संख्या को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। रात में ही एसटीएफ इलाहाबाद यूनिट, स्पेशल क्राइम ब्रांच व स्वॉट टीम होमवर्क करने के बाद हत्यारोपियों की तलाश में रातभर संदिग्ध स्थानों पर दबिश देती रहीं, लेकिन कोई नहीं मिला। चर्चाओं पर यकीन करें तो दबिश के दौरान पुलिस ने कोर्रा में मकसूद के बेटेे के न मिलने पर उसे बुरी तरह पीट दिया। जिससे वह घायल हो गया।

बहरूपुर का रहने वाला इश्तियाक अपनी बहन के घर गया था। वहां से पुलिस उसे उठा लाई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो एसटीएफ से लेकर स्वॉट टीम व एसपी की स्पेशल क्राइम ब्रांच की टीम रातभर अंकुर उर्फ हब्बू सरोज व उसके करीबियों को खोजती रही। हालांकि टीम के हाथ ऐसा कोई सुराग नहीं लगा। जिससे पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकती। पुलिस नामजद आरोपी शमशाद निवासी जोतिया थाना कंधई की तलाश में रिश्तेदारी की खाक रात भर छानती रही, लेकिन वह हाथ नहीं लगा।
विज्ञापन
Trending Videos

कंधई मधुपुर के मिश्र का पुरवा में बृजेश मिश्रा के घर रविवार को पुलिस लाइन से फील्ड यूनिट की टीम पहुंची। घटनास्थल की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराने के बाद खून के थक्कों को भी सुरक्षित करते हुए नमूना लिया। करीब एक घंटे तक फील्ड यूनिट की टीम फोरेंसिक जांच के लिए घटनास्थल से नमूना एकत्र करती रही।

बृजेश की हत्या के बाद शिक्षक भाई सुशील व पत्नी ने परिवार की सुरक्षा की चिंता जताई थी। कंधई थाने के दो सिपाहियों को सुशील के घर पर सुरक्षा के लिए मुस्तैद किया गया है। जो आने जाने वाले लोगों पर निगाह रखे हुए हैं। घर पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है। जो रिश्तेदारों या करीबियों के आने के बाद करुण क्रंदन से ही टूटता है।

ठंड के महीने में घर से बुलाकर बृजेश की हत्या करने वाले बदमाश एक बाइक से सवार होकर पहुंचे थे। बदमाश पूरी तरह चौकन्ने थे। अधिकांश लोग घरों के भीतर सो रहे थे। पुलिस की मानें तो घटना के बाद फायरिंग करते हुए एक बाइक से ही तीन आरोपियों को भागते हुए ग्रामीणों ने देखा था। हालांकि परिवार के लोग दो बाइक व हत्यारोपियों की संख्या पांच होने की तहरीर पुलिस को देकर मुकदमा दर्ज कराया है। फिलहाल हत्यारोपियों की संख्या को लेकर पुलिस गहनता से छानबीन कर रही है।
विज्ञापन

कंधई मधुपुर निवासी बृजेश मिश्रा की पत्नी रेनू का रविवार को रो-रोकर बुरा हाल रहा। उसकी पांच साल की बेटी श्रेयांस अपने छोटे भाई कृष्णा को संभाल रही थी। 11 नवंबर को कृष्णा का जन्मदिन था। जिसे धूमधाम से मनाने का वादा बृजेश ने किया था। इसकी तैयारी भी वह कर रहा था। रविवार को कृष्णा दो साल का हो गया लेकिन होनी को कौन टाल सकता है। बेटे का जन्मदिन धूमधाम से मनाने का सपना अधूरा रह गया।

शव लेकर सडक़ जाम करने व पथराव करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एसओ कंधई ने 20 नामजद व 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद गांव में हडक़ंप मचा हुआ है।

कंधई मधुपुर मिश्र का पुरवा निवासी बृजेश मिश्रा की शनिवार को भोर में घर से बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी फरार हो गए। आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ पुलिस को दौड़ा लिया था। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। आक्रोशित लोगों ने ढाई घंटे तक चौराहे पर शव रखकर जाम लगाया।

कंधई पुलिस पर पथराव करते हुए जीप का पीछा कर लिया था। सदर विधायक संगमलाल गुप्ता के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त किया। रात में ही कंधई थानाध्यक्ष की तहरीर पर मिश्र का पुरवा व आसपास के 20 नामजद व 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ सडक़ जाम करने व पुलिस पर पथराव करने समेत अन्य मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगने से हडक़ंप मच गया। इससे लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें