अस्पतालकर्मी पिता के अंतिम संस्कार में श्रृंगवेरपुर घाट पर गए बेटे की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। पिता-पुत्र की मौत से घर में कोहराम मच गया। अस्पताल कर्मी भी शोक में डूबे रहे। उदयपुर थाना क्षेत्र के रामपुर कसिहा निवासी काशी प्रसाद रावत (57) लालगंज सीएचसी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे। गुरुवार को अचानक उनकी तबियत खराब हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए लखनऊ ले गए। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर लालगंज आ गए। शनिवार को परिजन काशी प्रसाद का अंतिम संस्कार करने के लिए श्रंगवेरपुर गंगा घाट गए थे।
अंतिम संस्कार की क्रिया पूरी होने के बाद उनका छोटा बेटा आकाश रावत (16) गंगा नदी में नहाने चला गया। इस दौरान पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में चला गया। डूबते देख लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह गहरे पानी में समा गया। कुछ देर बाद उसका शव बरामद कर लिया गया। पिता के बाद बेटे की मौत से घर में कोहराम मच गया। घरवाले रोने-बिलखने लगे। सीएचसी परिसर में मातम का माहौल हो गया। पीड़ित के घर परिजनों को ढांढस बंधाने वालों तांता लगा रहा।