दहेज उत्पीड़न के आरोपी वृद्ध अब्दुल खालिक (65) को गिरफ्तार करने पहुंचीं महिला थाना एसओ दुर्गावती यादव ने उसकी डंडे से पिटाई कर दी। इससे उसका सिर फूट गया। गांव के लोग दौड़े तो वह खालिक को जीप में लादकर भाग निकलीं। एक प्राइवेट चिकित्सक से उसका इलाज कराने के बाद महिला थाने ले आईं। घटना रविवार अपराह्न की है।
अंतू थाना क्षेत्र के बझान गांव निवासी अब्दुल खालिक का बेटा मुस्तकीम रोजी के सिलसिले में बाहर रहता है। पत्नी अफसाना से उसका विवाद चल रहा है। 12 साल का बेटा और 10 साल की बेटी होने के बाद भी अफसाना मायके गाबी महुआवन थाना लालगंज में रहने लगी। उसके भाई ने ससुर खालिक सहित अन्य लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया। विवेचना कर रहीं महिला थाना एसओ दुर्गावती यादव रविवार अपराह्न खालिक के घर पहुंच गईं। खालिक घर के बाहर बैठा था।
आरोप है कि एसओ ने पहले उसका गला पकड़कर धमकाया। घर की महिलाएं दौड़ी तो वह डंडा लेकर उस पर टूट पड़ीं। सिर सहित हाथ, पैर पर प्रहार कर उसे घायल कर दिया। गांव के लोग दौड़े तो वह उसे जीप में बैठाकर भाग निकलीं। रास्ते में संडवाचंडिका बाजार के एक प्राइवेट चिकित्सक से उसका इलाज कराया। उपचार के दौरान पहुंचे लोगों से वह मारपीट की बात बताने लगा तो एसओ उसे लेकर महिला थाने आ गईं। खालिक की बहू रुखसार पत्नी नियाज अहमद ने बताया कि महिला दरोगा चार महिला और एक पुरुष पुलिसकर्मी के साथ आई थीं। उसके ससुर का परिचय पूछते ही उसका गला पकड़कर धमकाने लगीं। उसके परिवार के लोग दौड़े तो बेंत से मारकर घायल कर दिया। इससे उसका सिर फट गया। गांव के लोग पहुंचने लगे तो वह उन्हें लेकर भाग निकलीं।