घर से खाना खाने के बाद कालेज सोने जा रहे प्रबंधक को हमलावरों ने गोली मार दी। गोली उसके कंधे में जा लगी। आनन-फानन में परिजन घायल प्रबंधक को लेकर जिला अस्पताल आए। डाक्टरों ने हालत गंभीर देख इलाहाबाद रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस घटना के कारणों को खंगाल रही है।
जेठवारा थाना क्षेत्र के बरिस्ता निवासी भारतलाल गुप्ता (45) पुत्री छेदीलाल गुप्ता रामगंज बाजार में सीएलडी इंटर कालेज के प्रबंधक हैं। बुधवार की रात वह अपने घर पर खाना खाने के बाद देर रात बाइक लेकर कॉलेज के लिए निकले। वह कालेज से महज सौ कदम पहले पहुंचे ही थे कि तभी घात लगाए कुछ लोगों ने पीछे से भारतलाल को गोली मार दी। गोली उनके कंधे में जा लगी।
बाइक की रफ्तार बढ़ाते हुए वह शोर मचाने लगे। हमलावर वहां से भाग निकले। फायर की आवाज व शोर सुनकर बाजार के लोग जाग गए। तब तक बाइक से भारतलाल भी बाजार पहुंच गए। खून से लथपथ प्रबंधक के परिजनों को बाजार के लोगों ने घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही प्रबंधक के परिजन भागकर मौके पर पहुंचे। उन्हें लेकर सीधा जिला अस्पताल भागे।
धन उगाही के खिलाफ छात्र नेताओं का फूटा गुस्सा
निजी स्कूलों की मनमानी और अवैध उगाही के खिलाफ छात्रनेताओं का गुस्सा फूट पड़ा है। गुरुवार को डीएम से मिलकर चेताया है कि अगर निजी स्कूलों की मनमानी पर जल्द रोक नहीं लगी, तो आंदोलन किया जाएगा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जिले में चलने वाले अवैध स्कूलों को बंद करने और कॉन्वेंट स्कूलों में मनमाने ढंग से फीस वसूली के खिलाफ आवाज उठाई है। शिक्षा का अधिकार अधिनियम का हवाला देते हुए छात्रनेताओं ने जिला प्रशासन से फीस स्ट्रैक्चर लागू करने की मांग की है। छात्र नेताओं का आरोप था कि सीबीएसई पैटर्न पर चलने वाले स्कूलों में ड्रेस, कापी-किताब, जूता, मोजा सब कुछ बांटने का ठेका लिया जाता है। प्रतिवर्ष पाठ्यपुस्तकों के बदलने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। डीएम को ज्ञापन सौंपने वालों में विवेक पांडेय, दुर्गेश मिश्र, मनोज यादव, अमन प्रताप सिंह, संदीप पांडेय आदि मौजूद रहे।