शहर से बाइक लेकर घर जा रहे अधिवक्ता उपेंद्र पांडेय (36) को स्कूटी सवार दो लोगों ने मंगलवार रात गोली मार दी। जख्मी हालत में वह शहर की ओर भागे, लेकिन करनपुर में बेहोश होकर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया।
लालगंज के देवली निवासी उपेंद्र पांडेय पुत्र जगदीश पांडेय कांग्रेसी नेता ओमप्रकाश पांडेय का भतीजा है। मंगलवार रात करीब नौ बजे वह बाइक से शहर से घर जा रहे थे तभी सगरा ढलान से आगे बढ़ने पूरे चकई के करीब स्कूटी सवार लोगों से उनकी तकरार हो गई। गालीगलौज के बाद एक युवक ने उपेंद्र को गोली मार दी। गोली उसके दाहिने पैर को चीरते हुए पार हो गई। खून से लथपथ उपेंद्र बाइक मोड़कर शहर की ओर भागे। राजगंगा नर्सिंग होम के पास वह बेहोश होकर गिर पड़े।
लोगों ने कांग्रेसी नेता को सूचना देने के बाद उपेंद्र को जिला अस्पताल भेजा। यहां से उन्हें इलाहाबाद रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचे मकंद्रूगंज चौकी प्रभारी सियाराम वर्मा ने घायल का बयान लिया। घायल अधिवक्ता ने गोली मारने वाले एक युवक का नाम बताया, जो शहर के तेलिया चौराहा का निवासी बताया जा रहा है। नगर कोतवाल हरिपाल सिंह यादव ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है।