स्कूली मैजिक की टक्कर से बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। जिला अस्पताल में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा। पुलिस ने घटना कर भागी मैजिक को कब्जे में ले लिया।
लालगंज कोतवाली के गोविंदपुर निवासी कमलेश तिवारी क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। उनका बेटा संदीप तिवारी (17) रामपुर स्थित सरस्वती इंटर कालेज में कक्षा 11 का छात्र था। सोमवार की शाम वह घर से बाइक लेकर चचेरे भाई के साथ निकला। नेता नगर चौराहे के करीब स्कूली मैजिक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे संदीप मैजिक की चपेट में आ गया और बुरी तरह घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल की ओर भागे। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजन रोने बिलखने लगे। संदीप के मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। काफी देर तक अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा। चौकी की पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाली मैजिक को अपने कब्जे में ले लिया। इधर सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार की आंख का तारा था संदीप
लालगंज कोतवाली के गोविंदपुर निवासी कमलेश तिवारी के दो बेटे थे। संदीप परिवार की आंखों का तारा था। जिला अस्पताल में रोते हुए पिता कमलेश ने बताया कि वह बच्चों को बाइक चलाने से हमेशा मना करता रहता था। बच्चों को अपने आंख के आगे से ओझल नहीं होने देता। सभी के साथ दोस्ती का व्यवहार करता था। वह इतना जल्दी साथ छोड़ देगा ऐसा किसी ने सोचा नहीं था।