स्थानीय थाना क्षेत्र में एक युवती को शादी का झांसा देकर प्रेमी उसका यौन शोषण करता रहा। शादी के लिए दबाव बनाने पर प्रेमी ने युवती को डाट फटकार कर भगा दिया। परिवार के लोग भी उसे अपने साथ रखने को राजी नहीं हैं। परेशान युवती थाने पहुंचकर शिकायत की तो कार्रवाई के बजाय पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इलाके की एक युवती को पड़ोसी गांव का युवक अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसके साथ करीब एक वर्ष से यौन शोषण करता रहा। शुक्रवार को युवती अपने प्रेमी से शादी करने के लिए दबाव बनाया तो प्रेमी ने उसे दुत्कार कर भगा दिया और कहाकि वह उससे शादी नहीं करेगा। प्रेम में धोखा खाई युवती घर आई और परिजनों को आपबीती सुनाई तो परिवार के लोग भी उसे फटकार कर घर से भाग जाने को कहा। इससे परेशान युवती शनिवार की सुबह थाने पहुंची और पुलिस को घटना से अवगत कराया। युवती के आरोपों को सुनने के बाद पुलिस घटना की छानबीन करने लगी।
परिजनों को थाने बुलाकर उनके हवाले कर दिया। इस घटना से इलाके में सनसनी व्याप्त है। एसओ संजय शर्मा ने बताया कि युवती की शिकायत पर छानबीन की जा रही है। परिवार के लोग पहले तो आ ही नहीं रहे थे, बाद में आए तो युवती को अपने साथ ले गए। उन लोगों को रविवार को बुलाया गया है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। पीड़िता ने मौखिक ही शिकायत की है तहरीर भी नहीं दी। वह कार्रवाई के बजाय प्रेमी से शादी कराने की जिद पर अड़ी है।