प्रतापगढ़। गाड़ियों में महिला यात्रियों के साथ घटने वाली छेड़खानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने को राजकीय रेलवे पुलिस ने बुधवार को ताबड़तोड़ ट्रेनों में छापे डाले। इस दौरान पंजाब मेल में शंका के आधार पर पुलिस ने चार संदिग्ध युवकाें को दबोचा। हालांकि पूछताछ के बाद चाराें को छोड़ दिया गया। पुलिस ने अमेठी और गौरीगंज में भी चेकिंग की कार्रवाई की।
हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल के एसवन कोच में कुछ युवकों को अश्लील बाते करतें यात्रियों ने सुना। इसकी सूचना जीआरपी को दी गई। ट्रेन प्रतापगढ़ पहुंची तो एसओ जीआरपी बीके सिंह सिंघम ने दल-बल के साथ कोच की चेकिंग कराई। शंका होने पर चार युवकाें को पकड़कर उनसे पूछताछ की गई।
युवकों ने बताया कि उनके मोबाइल पर बार-बार गलत नम्बर से काल आ रही थी। इससे परेशान होकर वे लोग फोन करने वालों को गालियां दे रहे थे। पूछताछ के बाद पुलिस वाले जब संतुष्ट हो गए तो उनको छोड़ दिया। उसके बाद पुलिस बल ट्रेनों की चेकिंग करता हुआ आगे चला गया। पुलिस ने अमेठी व गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर भी चेकिंग कराई। लौटते समय चेकिंग के दौरान अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल व जनता एक्सप्रेस में पुलिस को देखकर शोहदे खुद ही ट्रेन से उतरकर भाग निकले।
चेकिंग के दौरान जीआरपी ने ट्रेनों में सौ यात्रियों को निर्भया कार्ड भी बांटा। इस कार्ड पर लखनऊ क्षेत्र में आने वाले जीआरपी थानों व वहां के दारोगाओं के नंबर छपे हैं। एसओ बीके सिंह ने बताया कि ट्रेन में अगर किसी महिला यात्री के साथ छेड़खानी जैसी कोई अप्रिय घटना घटती है तो वह कार्ड पर छपे किसी भी नंबर पर इसकी सूचना दे सकती है। उसको पुलिस की सुरक्षा प्रदान की जाएगी। साथ ही लिखा-पढ़ी के बाद अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।