महेशगंज इलाके में गुरुवार तड़के टहलने के लिए निकली प्रधानाध्यापिका सड़क पर गिरे विद्युत तार की चपेट में आ गईं। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना से नाराज परिवारवालों ने ग्रामीणों संग बिजली विभाग के जेई और एसडीओ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दी। करीब पांच घंटे बाद बेटे की तहरीर पर जेई, एसडीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने और एसडीओ द्वारा पांच लाख का चेक सौंपे जाने के बाद लोगों ने जाम खत्म किया। बवाल की आशंका में पुलिस और प्रशासन के अफसर मौके पर जमे रहे।
महेशगंज थाना क्षेत्र के राजापुर बाजार निवासी राजेश कुमारी (46) पत्नी स्व. सनत कुमार शुक्ला गांव के बगल के प्राथमिक विद्यालय पूरे जनक में बतौर प्रधानाध्यापिका तैनात थीं। गुरुवार तड़के वह रोज की तरह टहलने राजापुर-ढिंगवास मार्ग पर गई थीं। सड़क पर स्थित हनुमान मंदिर के सामने रात में लोहे का जर्जर विद्युत तार टूटकर गिरा था। उसमें करंट दौड़ रहा था। राजेश कुमारी उसकी चपेट आने से बुरी तरह झुलस गईं। आसपास की कुछ महिलाओं ने देखा तो उनके घर खबर दी। इस पर परिजन मौके पहुंचे और प्रधानाध्यापिका को निजी चिकित्सक के पास लेकर गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस पर परिजन बिलख पड़े। घटना की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और शव को कुंडा-जेठवारा मार्ग पर राजापुर चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया। घटना के करीब तीन घंटे बाद एसडीएम कुंडा विजयपाल सिंह, सीओ सदर रमेश कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की बात पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
उनका कहना था कि जेई और एसडीओ के खिलाफ जब तक मुकदमा नहीं दर्ज किया जाएगा और मुआवजा नहीं दिया जाएगा तब तक जाम खत्म नहीं होगा। करीब पांच घंटे बाद मृतका के पुत्र आनंद कुमार शुक्ला की तहरीर पर जेई बहोरिकपुर प्रदीप कुमार मौर्य व एसडीओ जेठवारा गौरव कुमार समेत विद्युत विभाग के अज्ञात उच्चाधिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा महेशगंज थाने में दर्ज किया गया। दोपहर एक बजे एक्सईएन कुंडा उमाकांत ने महेशगंज थाने में प्रमुख पंकज सिंह, बीएसए अशोक कुमार, सीओ रमेश कुमार के सामने मृतक के पुत्र आनंद कुमार को मुआवजे के रूप में पांच लाख रुपये का चेक दिया। तब जाकर जाम खत्म हुआ। पांच घंटे जाम के चलते मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई थी।