बाघराय इलाके में हथियारबंद छह बदमाशों ने गुरुवार रात एक घर में महिलाओं और बच्चों को बंधक बनाकर लूटपाट की। विरोध करने पर चार साल की बच्ची को उठाकर जमीन पर पटक दिया। बदमाश हजारों रुपये नगदी और गहने लूटकर फरार हो गए। इससे पहले बदमाशों बगल के गांव में भी एक घर में लूटपाट का प्रयास किया। विरोध करने पर एक युवक का सिर फोड़ दिया। हालांकि शोर पर ग्रामीणों के फायरिंग करने के बाद बदमाश भाग निकले। भोर में सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
बाघराय इलाके के पांडेय का पुरवा गांव निवासी लालजी सरोज के घर में गुरुवार रात छह की संख्या में बदमाश घुस गए। वह लालजी का घर खंगालने लगे। इसकी जानकारी लालजी की भाभी कलाइन को हुई तो वह अपने दो भतीजों और बेटों के साथ घर में घुस गई और मोबाइल से पड़ोसियों को सूचना देने का प्रयास करने लगी। इस पर बदमाशों ने उसका मोबाइल छीनकर पटक दिया।
इसके बाद कलाइन पत्नी धिमई, बेटा अजीत (14) व भतीजे बाबी (7) व रिया (4) को बंधक बना दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने मासूम रिया को उठाकर जमीन पर पटक दिया। घरवालों से रुपये और गहने के बारे में पूछते हुए रिया को जान से मारने की धमकी देने लगे। इससे सहमी महिला ने रुपये और गहने बदमाशों को दे दिए। इसके साथ ही लालजी सरोज के घर में रखे बक्से आदि लेकर बदमाश चले गए।
सुबह बक्सा कुछ दूर बाग में मिला। सूचना पर सुबह पुलिस भी जांच करने पहुंची। महिला का पति धिमई और उसका देवर लालजी सरोज पूना में रहकर काम करते हैं। उसकी देवरानी बच्चों को उसके हवाले करके मायके गई थी। कलाइन ने थाने में घटना की तहरीर दी है।
इससे पहले बदमाशों ने रामपुर कोटवा शुकुलपुर निवासी सुरेश सिंह के घर में लूटपाट की कोशिश की। घर में खटपट की आवाज होने पर उनका बेटा मुरली जग गया। वह बाहर निकला तो छत पर मौजूद बदमाशों ने उसके सिर पर पत्थर मार दिया। इससे वह अचेत हो गया। इस दौरान परिजन भी जग गए और शोर मचा दिया। शोरगुल सुनकर आसपास के कुछ ग्रामीणों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर बदमाश भाग निकले।
बदमाशों का तांडव देख सहमा परिवार
कुंडा। बदमाशों का तांडव देखकर कलाइन का पूरा परिवार सहमा हुआ है। कलाइन ने बताया कि बदमाशों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। वह छह की संख्या में थे। बदमाश लोहे के धारदार हथियार लिए हुए थे। उन्होंने उसकी भतीजी को जमीन पर पटक दिया था। उसकी नाक से पुल्ली खींच ली, जिससे वह जख्मी हो गई। वह इतना डरी हुई थी कि शोर भी नहीं मचा पा रही थी।