गुरुवार दोपहर मोरंग लदा ट्रैक्टर जेल रोड क्रॉसिंग पर बेकाबू होकर पलट गया। जिससे पंजाब मेल 40 मिनट तक आउटर पर रुकी रही। इससे रेल विभाग में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद चालक भाग निकला। मौके पर पहुंची आरपीएफ ट्रैक्टर व ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। जंक्शन से गुरुवार दोपहर हावड़ा से अमृतसर की ओर जा रही पंजाब मेल एक्सप्रेस के छूटने का मैसेज मिलते ही जेल रोड क्रॉसिंग का केबिनमैन रेलवे फाटक बंद करने लगा। फाटक बंद होता देख बाइक सवार के साथ ही वाहन लेकर लोग निकलने के लिए भागम भाग करने लगे। मोरंग लादकर जेल रोड तिराहे की ओर जा रहा एक ट्रैक्टर चालक भी तेजी से ट्रैक्टर लेकर निकला।
तब तक केबिनमैन ने आधा फाटक गिरा दिया था। केबिन के पूर्वी छोर पर पहुंचते- पहुंचते अचानक मोरंग लदी ट्राली पलट गई। जिससे फाटक बंद होने में समस्या आ गई। हादसे के बाद चालक वहां से भाग निकला। इधर पायलट ने आउटर के पास ट्रेन को रोक दिया। फाटक बंद न होने की दशा में पंजाब मेल करीब 40 मिनट लेट हुई। इस बात की जानकारी मिलते ही रेल विभाग में हड़कंप मच गया। आनन- फानन में पहुंची आरपीएफ ने लोगों की मदद से मोरंग को खाली कराने के बाद ट्रॉली को हटवाया। इसके बाद जाकर फाटक बंद हो सका। इसके बाद पंजाब मेल समेत अन्य ट्रेनों को गंतब्य के लिए रवाना किया जा सका। स्टेशन अधीक्षक केएन शर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर- ट्रॉली पलटने से पंजाब मेल को रोकना पड़ा।