विहार के सरईजयचंदपुर गांव का निरीक्षण करने के बाद कमिश्नर मंगलवार की सुबह 10 बजे कुंडा सीएचसी पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति रजिस्टर में साइन न होने पर कर्मचारियों की क्लास ली। इसके बाद ब्लॉक का निरीक्षण कर वह मुहम्मदाबाद उपहार पहुंच गए। गोद लिए इस गांव में उन्होंने विद्यालय के बच्चों से पांच का पहाड़ा पूछा तो वे उनका मुंह ताकने लगे। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। कमियां मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई।
कमिश्नर राजन शुक्ला के निरीक्षण के लिए की गई सारी तैयारी धरी रह गई। अधिकारियों ने साफ-सुथरा तो काफी कुछ किया, लेकिन गुणवत्ता देखते ही सारा खुलासा हो गया। कमिश्नर गोद लिए गांव मुहम्दाबाद उपहार के प्राथमिक विद्यालय पहुंचे तो वहां के बच्चे पांच का पहाड़ा नहीं सुना सके। यही नहीं छात्र संख्या पर भी कमिश्नर ने सवाल खड़े किए। इसके बाद शौचालय देखकर तो वह बिफर पड़े। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र पर गए तो वहां के बच्चों ने पूरी पोल ही खोल दी।
इस गांव के तीनों केंद्रों पर एक तो रजिस्ट्रेशन से कम बच्चे आए थे और जो आए थे उनसे पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें आज ही बुलाया गया है। इस पर कमिश्नर अवाक रह गए। इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को जमकर फटकार लगाई। कमिश्नर ने इसके बाद मल्लाहन टोला में जाकर अग्नि पीड़ितों को 3200 रुपये का चेक प्रदान किया। इस दौरान उनके साथ जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। उधर बाद में सीडीओ महेंद्र प्रताप सिंह ने कालाकांकर ब्लाक का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रमुख बीएन सिंह सहित बीडीओ आदि मौजूद रहे।