विकासखंड मानधाता स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय कटरा गुलाब सिंह पर अराजकतत्वों ने कब्जा कर रखा है। अराजकतत्वों की धमक से शिक्षकों में भय व्याप्त है। शाम होते ही विद्यालय परिसर में शराबियों का जमावड़ा होने से अध्यापन कार्य में परेशानी हो रही है। मामले की शिकायत प्रधानाध्यापक ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक से की।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक गणेश प्रसाद गुप्ता ने एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि विद्यालय के बगल कुछ लोगों की जमीन है। ऐसे में वह दबंगई के बल पर विद्यालय की जमीन को आवागमन का मार्ग बना लिए हैं। विद्यालय परिसर में चहारदीवारी न होने के कारण लोग जबरन विद्यालय में शौच के साथ गंदगी फैला रहे हैं। शाम होते ही विद्यालय परिसर में शराबियों का जमावड़ा लगने लगता है। इससे वहां ढेर सारी शराब की बोतलेे बिखरी रहती हैं। विद्यालय परिसर पूरी तरह से अराजकतत्वों के कब्जे में होने से शिक्षकों में भय व्याप्त है।
शिक्षकों के विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। ऐसी दशा में विद्यालय में अध्यापन कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। प्रधानाध्यापक ने बीएसए को शिकायती पत्र लिखकर चहारदीवारी बनाए जाने की मांग की है। साथ ही एसपी से सुरक्षा की मांग करते हुए इस गलत कार्य को रोके जाने की मांग की है।