कोटेदार की मनमानी से नाराज कल्यानपुर के ग्रामीणों ने
बुधवार को एसडीएम का घेराव किया। कोटेदार पर राशन व चाीनी मांगने पर
गालीगलौज का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कोटा बर्खास्त करने की मांग की।
एसडीएम ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया। तब जाकर ग्रामीणों का
आक्रोश शांत हुआ।
रामपुर-सग्रामगढ़ विकास खंड के कल्यानपुर गांव के चंद्रपाल सरोज, रामदुलारी
देवी, रामसजीवन, रामसेवक, सुखराम, रामनोहर, बृजलाल यादव, जगमोहन, वंशीलाल,
मुन्नी देवी, कमलेश सरोज, जगलाल, निर्मला देवी, जगन पासीआदि बुधवार को
अचानक तहसील पहुंच गए। ग्रामीणों ने कल्यानपुर के कोटेदार पर मनमानी करने
का आरोप लगाते हुए एसडीएम वाईबी सिंह का घेराव कर दिया और नारेबाजी करने
लगे। ग्रामीणों का कहना था कि दो महीने से कोटेदार राशन, चीनी व मिट्टी का
तेल नहीं बांट रहा है। जब ग्रामीण कोटेदार के पास राशन व चीनी मांगने
पहुंचे तो वह ग्रामीणों को गालियां देते हुए भगा देता है। ग्रामीणों ने
कोटेदार पर राशनकार्ड जबरन रखने का भी आरोप लगाया। ग्रामीणोें का आक्रोश
देखकर एसडीएम अपने चैंबर से बाहर निकले और शिकायती पत्र लिया।
एसडीएम ने
उन्हें आश्वासन दिया कि कोटेदार की मनमानी की जांच कराई जाएगी। इसके बाद
कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हो सका। इस
बाबत एसडीएम वाईबी सिंह ने बताया कि कोटेदार की मनमानी की जांच के लिए
अधिकारियों को गांव भेजा जाएगा। जांच में मामला सही पाया गया तो कोटा
निलंबित कर दिया जाएगा। गालीगलौज की बात सही पाई गई तो कोटेदार के विरुद्ध
कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।