नगर कोतवाली के सोनावां में पालीटेक्निक छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों ओर से पथराव भी हुआ। लोगों का आरोप है कि पांच राउंड फायरिंग भी हुई। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर छात्र भाग निकले। पुलिस दो बाइकों को कब्जे में लेने के साथ ही एक छात्र को कोतवाली उठा लाई। खबर भेजे जाने तक पुलिस को दोनों ओर से कोई तहरीर नहीं मिली।
सोनावां में पालीटेक्निक कॉलेज है। मौजूदा समय में परीक्षा चल रही है। कॅालेज में पढ़ने वाले छात्र प्राइवेट छात्रावास में रहते हैं। स्थानीय लोगों ने भी कमरे किराए पर छात्रों को दे रखे हैं। बृहस्पतिवार की रात हैंडपंप पर पानी भरने को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी। इस बीच गांव के कुछ युवक भी मदद करने पहुंच गए। इस मामले की पुलिस को भनक नहीं लगी। शुक्रवार भोर में फिर छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट होने लगी। देखते ही देखते उनके बीच पथराव भी शुरू हो गया।
आसपास के लोगों की माने तो पांच राउंड फायरिंग भी हुई। पथराव व मारपीट में फौजी ढाबा संचालक और दूसरी ओर से दो छात्रों को चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर चिलबिला चौकी के अलावा कोतवाली पुलिस भागकर मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट करने वाले छात्र भाग निकले। पुलिस ने कमरों की तलाशी ली, लेकिन कोई नहीं मिला। पुलिस लावारिश पड़ी दो बाइकों को कब्जे में ले लिया। एक छात्र को भी पुलिस कोतवाली उठा लाई। हालांकि वह घटना में शामिल नहीं था। शहर कोतवाल ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।