पुलिस ने लूट और छिनैती की घटनाओं में शामिल तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जबकि उनके तीन साथी भाग निकले। उनके पास से चोरी की दो बाइक और 13 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस फरार लुटेरों की तलाश कर रही है। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाश रानीगंज थाना क्षेत्र में पकड़े गए हैं। जिन्होंने नगर कोतवाली, अंतू और रानीगंज में लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। रानीगंज एसओ, स्वाट टीम और अंतू पुलिस शुक्रवार की रात वाहनों की चेकिंग पर थी। तभी पता चला कि दो बाइक से पांच बदमाश वैराना भभुवार के बीच बगीचे में बैठे हैं। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने बगीचे की घेराबंदी की। पुलिस को देख बगीचे में खड़े बदमाश भागने लगे।
पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोच लिया। जबकि दो बदमाश भागने में कामयाब रहे। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की दो बाइक, दो तमंचा, कारतूस और लूटे गए 13370 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने तीनों को कर्रा किया तो उन लोगों ने लूट व छिनैती की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार कर लिया। पकड़े गए अंतू थाना क्षेत्र के बझान निवासी उज्जवल सिंह पुत्र बृजभान सिंह ने बताया कि 5 जून 2018 को उसने अपने साथी प्रत्यूष मिश्रा व सचिन मिश्रा निवासी तिवारीपुर थाना अंतू के साथ मिलकर बझान स्थित पेट्रोल पंप सेल्समैन को धमकाकर 37 हजार रुपये लूट लिए थे। लोगों को डराने के लिए फायरिंग की थी। इसके अलावा 23 मई 2018 को गायघाट पुल के करीब आटो से जा रही महिला से पर्स छीना था।
जिसमे 10 हजार रुपये थे। दूसरे बदमाश रिजवान पुत्र साकिर अली निवासी चकसारा थाना रानीगंज व सरफराज पुत्र बुद्धन उर्फ गुलहसीम निवासी मेढ़ौली ने बताया कि उन्होंने अपने साथी तारिक पुत्र माजिद अली निवासी मुनी का पुरवा दरियापुर थाना रानीगंज के साथ मिलकर 20 मई को दुर्गागंज मोड़ के पास कपड़ा सेल्समैन को फायर कर धमकाते हुए 50 हजार रुपये लूट लिए थे। बरामद रुपये उसी कपड़ा सेल्समैन के हैं। पकड़े गए उज्ज्वल, रिजवान व सरफराज को जेल भेज दिया गया। अभी प्रत्यूष मिश्रा, सचिन मिश्रा और तारिक फरार चल रहे हैं। एसपी ने लुटेरों को पकड़ने वाली टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार दिया। इस मौके पर एएसपी राकेश कुमार सिंह व सीओ सिटी रमेशचंद्र मौजूद रहे।
नया गैंग पुलिस के लिए बन रहा चुनौती
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक अमूमन घटनाओं के बाद पुराने अपराधियों की तलाश होती थी। अब नए लुटेरों का गैंग पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। अपनी जरूरत को पूरा करने के लिए और जल्द अमीर बनने के लिए कुछ युवा अपराध के दलदल में धंसते जा रहे हैं। नई उम्र के युवक लूट, छिनैती की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
जौनपुर में लूट की बना रहे थे योजना
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पेट्रोल पंप लूटकांड में शामिल बदमाश जौनपुर के मड़ियाहू में लूट करने की योजना बना रहे थे। लुटेरों का नंबर ट्रेस करने में स्वाट टीम जुटी हुई थी। सर्विलांस की मदद से लुटेरों को पकड़ने में कामयाब हो सकी।
रुपये के अलावा पुलिस के पास नहीं थी कोई बरामदगी
रानीगंज, अंतू और नगर कोतवाली में बदमाशों ने लूट की तीन घटनाओं को अंजाम दिया था। जिसका शनिवार को पुलिस अधीक्षक ने खुलासा किया। बरामदगी के नाम पर पुलिस केवल रुपये ही बता सकी। जबकि पेट्रोल पंप सेल्समैन के पास से बैग, कपड़ा सेल्समैन के पास से बैग के साथ ही मोबाइल और गायघाट रोड पर सविता सिंह के पर्स से रुपये, मोबाइल व जेवरात लूटकर बदमाश भागे थे। इस सवाल के जवाब में एसपी ने बताया कि लूटे गए सामान फरार बदमाशों के पास हैं।