कुंडा तहसील क्षेत्र के नवाबगंज इलाके में शनिवार को कुएं में जहरीली गैस से तीन लोगों की मौत हो गई। पैर फिसलने से कुएं में गिरे युवक को बचाने के चक्कर में हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने तीनों को बाहर निकाला। एक साथ तीन मौतों से गांव में चीखपुकार मची है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरछलिया नटोही गांव में शंभूनाथ मौर्य निवासी कटरा बहादुरगंज रायबरेली अपनी ससुराल में रहता है। उसका बेटा सचिन (18) शनिवार सुबह लगभग दस बजे गांव से कुछ दूरी पर स्थित ट्यूबवेल का पट्टा खोलने पहुंचा था। इस दौरान उसका पैर फिसला और वह कुएं में गिर गया। अंदर से उसने शोर मचाया तो वहीं बगल में खेत में काम कर रहे जंत्री पांडेय का पुरवा निवासी दिलीप गौतम (25) पुत्र रामभरोसे कुएं में उतरा, लेकिन जहरीली गैस के कारण अचेत हो गया। पास में ही बने मकान में रह रहे छोटेलाल (50) पुत्र महादेव भी शोर सुनकर कुएं के पास दौड़कर पहुंचे और दोनों को बचाने के लिए कुएं में उतर गए। जहरीली गैस होने के कारण वह भी अचेत हो गए। घटना की जानकारी होने पर लोग भागकर मौके पर पहुंचे। इस दौरान गांव का बाबूलाल पुत्र ननकू भी कुएं में उतरने का प्रयास करने लगा।
अंदर दम घुटने पर वह तुरंत बाहर निकल आया। इसके बाद लोगों ने घटना की सूचना नवाबगंज पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। दमकल कर्मियों ने कुएं में लालटेन डाली तो वह बुझ गई। इस पर फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बताया कि कुएं में गैस है। इसके बाद कुएं में और पानी डलवाया गया। थोड़ी देर बाद जब गैस का प्रभाव कम होने की पुष्टि हुई तो गांव के एक युवक के सहयोग से रस्सी के सहारे तीनों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस से तीनों को सीएचसी कुंडा भेजा गया। सीएचसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद दिलीप व छोटेलाल को मृत घोषित कर दिया। सचिन की नाजुक हालत देख इलाहाबाद रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर इलाहाबाद के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर एसडीएम कुंडा विजयपाल सिंह, सीओ कुंडा राधेश्याम मौके पर पहुंचे।