पंजाब नेशनल बैंक कुंडा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक को एक करोड़ 92 लाख रुपये के गबन के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उन पर बैंक के दर्जनों खाताधारकों का लोन करके पैसा पत्नी सहित कई लोगों के खाते में ट्रांसफर करने का आरोप है। इसका मुकदमा तत्कालीन प्रबंधक ने कोतवाली में दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी शाखा प्रबंधक को लखनऊ आशियाना स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर कुंडा ले आई।
कुंडा कस्बा स्थित पंजाब नेशनल बैंक के तत्कालीन मैनेजर सुनीलकांत चतुर्वेदी ने बैंक के कई खाताधारकों की बिना जानकारी के ही उनके खाते पर लोन कर दिया। इसके साथ ही उनके खाते से पैसा निकालकर अपनी पत्नी नीलम सहित अन्य चार लोगों के खाते में ट्रांसफर कर दिया। इसका पता दूसरे प्रबंधक के आने के बाद पता चला। लोगों को उनके खाते पर लोन होने की बात पता चली तो वह इसकी जानकारी करने लगे। बाद में पता चला कि शाखा प्रबंधक ने ही उनके खाते पर लोन कर दिया था। इसके बाद विभागीय जांच शुरू हुई तो करोड़ों का मामला सामने आया। इस पर शाखा प्रबंधक उमेश कात्यायन ने दिसंबर में पूर्व शाखा प्रबंधक सुनीलकांत चतुर्वेदी के खिलाफ तहरीर देकर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो इस तरह के दर्जनों खाते मिले। यह रकम बढ़ते हुए एक करोड़ 92 लाख रुपये तक पहुंच गई। इसके बाद इस पैसे की जानकारी की गई तो वह उनकी पत्नी नीलम सहित अन्य कुछ लोगों के खातों में ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद उन्हें लखनऊ स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर कुंडा ले आई।