प्रतापगढ़। विकास भवन के करीब प्रचार के लिए होर्डिंग टांगते समय करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद सहमे साथी उसका शव घर के बाहर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से कोहराम मचा रहा।
नगर कोतवाली के बलीपुर निवासी हिमांशू विश्वकर्मा (18) पुत्र अश्वनी विश्वकर्मा शहर के कचहरी रोड स्थित धीरू के फ्लैक्स सेंटर पर काम करता था। शुक्रवार की रात वह अपने साथियों के साथ होर्डिंग्स लगाने के लिए विकास भवन की ओर गया था। वहां बिजली के पोल के करीब होर्डिंग्स लगाते समय अचानक वह करंट की चपेट में आ गया। झटका लगने के कारण वह नीचे गिर गया। यह देख साथियों के हाथ-पैर फूल गए। आनन-फानन में उसे बाइक से लेकर अस्पताल की ओर भागे। जानकारी पर करीबी भी अस्पताल पहुंच गए। वहां डाक्टरों ने हिमांशू को मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही लोग रोने बिलखने लगे। उसके साथी बाइक से शव से शव लेकर अस्पताल से निकले और घर के बाहर छोडक़र भाग गए। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाल ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है।