अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा है कि यूपी में अपना दल के समर्थन के बगैर किसी भी पार्टी की सरकार नहीं बनेगी। प्रदेश में किसान कमेरा जागरण यात्रा का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्तादल का सहभागी बनने पर मतदाता पेंशन योजना प्रमुखता से लागू की जाएगी। जिसमें सभी जाति वर्ग के लोग लाभान्वित होंगे।
मां चंद्रिकाधाम में आयोजित भव्य रैली को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के निर्णय पर जमकर प्रहार किया। कहा कि नोटबंदी से भाजपा, बसपा और सपा ने अपना काला धन तो सफेद किया, मगर गांव का किसान बगैर खाद और बीज के अपने खेतों की बुवाई। नोटबंदी से सबसे अधिक किसानों का नुकसान बताया। राष्ट्रीय महासचिव पल्लवी पटेल ने किसान कमेरा जागरण यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि बेल्हा से प्रारंभ हुई जागरण यात्रा रायबरेली, बाराबंकी, फैजाबाद, अंबेडकरनगर, आजमगढ़,मऊ, कुशीनगर-महराजगंज, गोरखपुर, बलरामपुर होते हुए 10 जनवरी को सीतापुर में समाप्त होगी। इसके पूर्व अपना दल नेता आशुतोष तिवारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और महासचिव का गर्मजोशी से स्वागत किया।
हिंदूपुर में आयोजित जनसभा में भारी भीड़ देखकर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किसानों को भरोसा दिया कि वह सिर्फ किसानों की लड़ाई लड़ रही है और मौका मिला तो उन्हीं के लिए कार्य भी करेंगी। रैली के आयोजक राकेश सिंह सोमवंशी ने स्मृतिचिंह और उपहार देकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। इस मौके पर राष्ट्रीय प्रवक्ता आरबी सिंह पटेल, इंद्र कुमार सिंह, ओमप्रकाश, मनीष सिंह, बब्लू सिंह, दीपक पांडेय, प्रेमचंद्र मौर्य, गंगाराम यादव, छोटेलाल मौर्य, हीराराम पटेल आदि मौजूद रहे।