ब्याज पर लाखों रुपये लेकर फरार युवक का कोई सुराग नहीं लगा। देर रात युवक के माता-पिता घर पहुंचे। हालांकि उनके पहुंचने के बाद शिकायत करने वाली बेटी दहशत में रिश्तेदारी चली गई। वह घर आने का साहस नहीं जुटा पा रही है।
नगर कोतवाली के लेखपाल कालोनी अचलपुर निवासी सराफ संदीप सोनी की श्याम बिहारी मार्केट में आभूषण की दुकान है। 13/14 मार्च की रात वह एक पत्र लिखकर घर से फरार हो गया। जिसमें लिखा था कि उसने लोगों से ब्याज पर रुपये ले रखे हैं।
अनहोनी की आशंका को देखते हुए वह घर छोड़कर जा रहा है। रुपये के लिए वे लोग उसकी जान ले सकते हैं। संदीप की बहन गायत्री सोनी ने गुरुवार को कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी मां ललिता देवी और पिता रामदेव को पड़ोस का रहने वाला दबंग युवक उठा ले गया है।
बंधक बनाकर रखा है। उनके साथ कोई अनहोनी हो सकती है। खौफजदा तीनों बहनें घर छोड़कर चली गई हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के घर दबिश दी, लेकिन कोई नहीं मिला। इससे घबराई गायत्री व उसकी दो बहनें रिश्तेदार के घर चली गईं। गुरुवार की देर रात ललिता और रामदेव घर लौटे। इस बात की जानकारी मिलने पर पुलिस उनसे पूछताछ करने पहुंच गई। पुलिस ने उनका बयान दर्ज किया। जेल चौकी प्रभारी ने बताया दोनों ने बताया कि रामदेव और ललिता अपनी मर्जी से कचहरी जाने की बात कह रहे हैं।