सपा जिलाध्यक्ष भैयाराम पटेल पर निर्माणाधीन मकान में तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए एक परिवार धरने पर बैठ गया।
किशुनगंज-मदाफरपुर मार्ग पर कोनी बाजार के करीब ही सपा जिलाध्यक्ष ने जमीन खरीदी है। उनकी जमीन के बगल ही कोहंडौर थाना क्षेत्र के अतरसंड निवासी सोनकली पत्नी मनीराम गुप्ता ने दीवान का पुरवा निवासी रामफेर से पांच बिस्वा जमीन खरीद रखी है। करीब एक माह पहले सोनकली अपनी जमीन पर मकान बनाने लगी। उसका आरोप है कि नींव की खोदाई के दौरान सपा जिलाध्यक्ष भैयाराम पटेल ने विरोध किया।
लेखपाल ने जमीन की पैमाइश भी की लेकिन अध्यक्ष इस बात पर राजी नहीं हुए। हालांकि राजस्व और पुलिस की सहमति मिलने के बाद उसने निर्माण कार्य शुरू कर दिया। आरोप है कि बुधवार को सपा जिलाध्यक्ष कई लोगों के साथ आए और बल्ली, पटरी गिरा दिया। लिंटर में लगी पटरी आदि भी तोड़ डाले। इससे उसका परिवार भयभीत होकर भाग खड़ा हुआ। पीड़ित का आरोप है कि मामले की शिकायत के बाद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। परेशान परिवार मकान के करीब ही धरने पर बैठ गया।
दूसरी ओर सपा जिलाध्यक्ष भैयाराम पटेल का कहना है कि उन्होंने सोनकली से पहले जमीन खरीदी है। महिला के सभी आरोप सरासर गलत हैं। वह खुद ही दूसरे की जमीन पर जबरदस्ती अवैध निर्माण करा रही है। पैमाइश करा ले यदि उसके हिस्से में जमीन आती है तो वह निर्माण करे। वह कोई विरोध नहीं करेंगे। इस मामले को जबरिया कुछ लोग तूल दे रहे हैं।