संदिग्ध परिस्थित में युवक का शव पेड़ से लटकता मिलने पर सनसनी फैल गई। हत्या या आत्महत्या में उलझी कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक युवक के मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।
लालगंज कोतवाली के जसमेढ़ा निवासी पप्पू गौतम (24) पुत्र पंचलाल सोमवार को खाना खाने के बाद कमरे में सोने चला गया। परिजनों के मुताबिक रात बारह बजे के करीब वह अचानक कमरे से बाहर चला गया और फिर नहीं लौटा। सुबह उसका शव गांव के किनारे स्थित एक पेड़ से लटकता मिला। घटना की जानकारी होने पर गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुछ लोगों को कहना था कि परिजनों से किसी बात पर अनबन होने पर वह बाहर गया और फांसी लगाकर जान दे दी। जबकि कुछ का कहना है कि उसकी हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया गया। पुलिस भी हत्या और आत्महत्या की पहेली में उलझकर रह गई। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या करने की जानकारी अभी तक की जांच में मिली है।