लालगंज कोतवाली क्षेत्र के रोहाड़ा गांव में दहेज के लिए ससुरालीजनों ने एक विवाहिता को चारपाई से बांधकर जला दिया। वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। मृतका के भाई ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के करमाइन निवासी मेवालाल पाल ने अपनी बहन शीला की शादी करीब पांच साल पहले लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बकियन का पुरवा, रोहाड़ा निवासी विमलेश पाल पुत्र हीरालाल पाल के साथ की थी। मेवालाल का कहना है कि शादी के बाद से ही बतौर बाइक और पचास हजार नकदी नहीं देने पर पति समेत ससुरालीजन शीला को आए दिन प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को घर छोड़कर भाग जाने को कहने लगे। इसके बावजूद उसने घर से बाहर कदम नहीं निकाला। आरोप है कि रविवार सुबह लगभग सात बजे पति विमलेश, देवर कमलेश, रमेश, जेठानी संगीता तथा सास ने शीला को चारपाई से बांधकर मिट्टी का तेल छिड़क आग लगा दी।
देखते ही देखते विवाहिता धू-धूकर जलने लगी। घटना की सूचना पर शीला के मायके वाले और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शोर पर मौके पर पहुंचे ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते इससे पहले विवाहिता की सांस थम चुकी थी। मायके वाले ससुरालीजनों पर दहेज के लिए शीला की हत्या किए जाने का आरोप लगाने लगे। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दिल दहला देने वाली इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कोतवाली में मृतका के भाई मेवालाल ने पति, दोनों देवर, जेठानी और सास पर दहेज की खातिर शीला को जलाकर मार डालने का आरोप लगाया। साथ ही रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी। घटना के बाद से पुरुष घर से भाग गए। इस बाबत प्रभारी कोतवाल सभाजीत मिश्र का कहना है कि छानबीन के दौरान मारपीट की जानकारी हुई है। शीला की मौत संदिग्ध हालात में हुई है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।