प्रतापगढ़। जेठवारा के श्रीपुर में शुक्रवार रात जलाई गई एक युवती के मामले की जांच करने शनिवार रात पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार से बात करने के बाद मातहतों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस ने एक आरोपी को जेल भेज दिया। वहीं रविवार को युवती की मौत की अफवाह से पुलिस परेशान हो गई।
जेठवारा थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव निवासी ज्योति विश्वकर्मा (18) पुत्री राजेंद्र विश्वकर्मा शुक्रवार शाम शौच के लिए घर के पीछे बने शौचालय में गई थी। आरोप है कि शौच के दौरान किसी ने झरोखे से मिट्टी का तेल फेंक उसे आग के हवाले कर दिया था। उसका इलाहाबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह जीवन और मौत से जूझ रही है। इस घटना में युवती के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ओमप्रकाश और उसके परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सक्सेना शनिवार रात श्रीपुर गांव पहुंचे। परिजनों से पूछताछ के बाद एसपी ने एसओ चंद्रबली को आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया। दिन भर उसकी मौत की अफवाह तैरती रही। इससे पुलिस हलाकान रही। एसओ ने रविवार को आरोपी ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष सीबी यादव ने बताया कि युवती का इलाज चल रहा है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। राजेंद्र और ओमप्रकाश के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।