बाबूपुरवा थाने के मुंशीपुरवा रामलीला मैदान के सामने तेज रफ्तार रेडियो टैक्सी ने टक्कर मारकर तीन किशोरों को घायल कर दिया। इसके बाद शराब के नशे में धुत चालक घर में भागा तो लोगों ने उसके घर पर पथराव कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस चालक को गाड़ी समेत थाने ले आई। रविवार की सुबह जी मलिक कंपनी की रेडियो टैक्सी लेकर मुंशीपुरवा निवासी देवेश भदौरिया लेकर जैसे गली में घुसा तभी उसने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी।
सामने से आ रहे तीन दोस्तों नईम (13) पुत्र सलीम, मो. हसीन (14) पुत्र वसीम और मो. आरिफ (13) पुत्र मो. शरीफ को टक्कर मार दी। नईम के सिर, हसीन के मुंह व पीठ और आरिफ के पैर में चोटें आईं। तीनों के पिता मजदूरी करते हैं। टक्कर मारकर नशे में धुत देवेश भागा और घर में घुस गया।
घटना से नाराज लोगों ने दरवाजे पर पथराव शुरू कर दिया। तभी वहां पहुंची पुलिस किशोरों को ठेले पर बैठाकर थाने लाई। वहां से टेंपों में उन्हें अस्पताल भेजा। साथ ही देवेश को थाने लाई।
सीओ बाबूपुरवा ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि किशोरों की हालत खतरे से बाहर है। उन्हें घर भेज दिया गया है। कहा कि पहले तो घर वालों ने चालक के खिलाफ तहरीर दी थी, लेकिन शाम को परिजन समझौते के लिए राजी हो गए। फिर भी पुलिस देवेश का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराएगी।
देर रात पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर व्हीकिल एक्ट के तहत शराब पीकर गाड़ी चलाने की रिपोर्ट दर्जकर टैक्सी सीज कर दी। उधर, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गली में घुसने से पहले देवेश ने सुक्खापुरवा के सामने एक महिला को भी टक्कर मारी थी। हालांकि उसका पता नहीं चल सका।
श्रद्धालुओं से भरा लोडर पलटा, 10 घायल
कानपुर। गोलाघाट में रविवार देर शाम गणेश प्रतिमा विसर्जित कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा लोडर पलट गया। इसमें 10 लोग घायल हो गए। हरबंश मोहाल के भूसाटोली के लोग देर शाम गोला घाट कैंट से प्रतिमा विसर्जित कर घर लौट रहे थे। मरे कंपनी पुल के पास लोडर पलट गया।
हादसे में भूसाटोली निवासी गोलू, ललित, बब्लू, आनंद, संतोष और ऊषा समेत 10 लोग घायल हो गए। बिरहाना रोड स्थित केपीएम अस्पताल में गोलू और बब्लू की हालत नाजुक बताई गई है। उधर, कैंट इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने हादसे की जानकारी से इनकार किया है।
हादसों में दो की मौत
कानपुर। मैनावती मार्ग पर शनिवार रात आजाद नगर के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर दुकान में घुस गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार गोलू निषाद (26) को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां देर रात उनकी मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं पहने थे। बजरिया के नेहरू नगर निवासी गोलू सब्जी का ठेला लगाते थे।
वह गणेश प्रतिमा विसर्जन में शामिल होने बिठूर गए थे। बिठूर इंस्पेक्टर संजय मिश्रा ने बताया कि यह एक हादसा है, किसी ने आरोप नहीं लगाया है। उधर बिधनू क्षेत्र में ब्रेकर के चलते अनियंत्रित हुई बाइक से गिरकर शराब ठेके के सेल्समैन जय प्रकाश तिवारी (47) की मौत हो गई। वह मझावन के रहने वाले थे।
परिवार में बेटा विकास और बेटी प्रिया है। विकास ने बताया कि रविवार सुबह वह कुदौली स्थित रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। तभी हरदौली गांव के पास हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जयप्रकाश कुछ दूर तक सड़क पर घिसटते हुए पुलिया से जा टकराए। सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। हेलमेट पहने होते तो शायद उनकी जान बच जाती।