प्रतापगढ़। चौदहवें वित्त आयोग से बीस लाख रुपये निकालकर बंदरबांट करने के आरोपी एडीओ पंचायत को निलंबित करने के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। इधर सेवानिवृत्त बीडीओ से रिकवरी के लिए विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।
सांगीपुर विकास खंड में चौदहवें वित्त आयोग के तहत मिली धनराशि में एडीओ पंचायत और बीडीओ ने मिलकर कंटीजेंसी के 20 लाख रुपये निकालकर बंदरबांट कर लिए थे । सीडीओ राजकमल यादव ने शिकायत मिलने पर डीपीआरओ को भेजकर पूरे मामले की जांच कराई। डीपीआरओ की जांच में इस बात का खुलासा हुआ कि बगैर कोई काम कराए ही रुपये निकाल लिए गए हैं।
डीपीआरओ ने एडीओ पंचायत को बिल बाउचर दिखाने के लिए एक सप्ताह का मौका भी दिया था, मगर इसके बाद भी कोई अभिलेख नहीं प्रस्तुत करने पर कार्रवाई के लिए सीडीओ को पत्र लिखा था। डीपीआरओ एसके पांडेय ने बताया कि एडीओ पंचायत को निलंबित करने के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। इधर फर्जीवाड़ा करने में माहिर एडीओ पंचायत कार्रवाई से बचने के लिए नेताओं के यहां डेरा डाले हुए हैं।