जेठवारा थाना क्षेत्र के रेड़ी स्थित पेट्रोल पर इलाके की लेडी डान के इशारे पर बदमाशों ने लूट की घटना अंजाम दी थी। पुलिस घटना में शामिल एक लुटेरे को दबोचकर पूछताछ कर रही है। रेड़ी में सपा नेता दिनेश सिंह डगैता का पेट्रोल पंप है। एक पखवारा पहले बदमाशों ने सेल्समैन को तमंचे के बल पर बंधक बनाया था। इसके बाद उसी से काउंटर में रखे सवा दो लाख रुपये, मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। पहले तो जेठवारा पुलिस सेल्समैनों पर ही संदेह जता रही थी, लेकिन बाद में काल डिटेल व दूसरे लोगों से पूछताछ में जो बात सामने आई उसने सभी को हैरान करके रख दिया।
सूत्रों की मानें तो पेट्रोल पंप के बगल रहने वाली युवती का आपराधिक किस्म के लोगों से मेल-जोल है। उसे पंप पर सवा दो लाख कैश होने की जानकारी हो गई थी। इसके बाद उसने अपने आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले साथियों को बुला लिया। बाद में प्लान तैयार कर उन्हीं से घटना को अंजाम दिलाया था। उससे पूछताछ के बाद घटना में शामिल एक लुटेरे को पुलिस ने धर दबोचा। उसकी निशानदेही पर लूटा गया सामान बरामद करने की कोशिश में पुलिस लगी हुई है। एसओ चंद्रबली यादव का कहना है कि लूट में महिला का हाथ होना तय है। पूछताछ चल रही है। लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए प्रयास किया जा रहा है।