कंधई थाना क्षेत्र के जफरापुर मोड़ पुलिया के पास बाइक सवार दो लोगों को पल्सर सवार चार बदमाशों ने रंजिश के चलते गोली मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली लगने के बाद भी दोनों भागकर किसी तरह किशुनगंज पहुंचे और लोगों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
कंधई थाना के मधुपुर मिश्र का पुरवा निवासी बृजेश मिश्र (35) पुत्र स्व. अवधेश बाइक से अपने साथी सुनील सिंह (40) के साथ शुक्रवार को जूता खरीदने के लिए शहर आया था। दोपहर में दोनों घर लौट रहे थे। जफरापुर मोड़ पुलिया के पास छिपकर बैठे दो पल्सर सवार चार बदमाशों ने उन पर फायर करना शुरू कर दिया। गोली लगने से दोनों जख्मी हो गए। इसके बाद भी बृजेश ने बाइक नहीं रोकी और भागकर किशुनगंज बाजार पहुंचा। घटना की जानकारी होने पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही उसके परिजन भी पहुंच गए। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया, मगर परिजनों ने इलाहाबाद ले जाने से इनकार कर दिया। चिकित्सक उनका इलाज कर रहे हैं। घायल बृजेश का कहना था कि नंवबर 2015 में गुड्डू खान व अंकित ने गोली मारने के लिए उसका पीछा किया था। इस बीच तत्कालीन दरोगा रंजीत पांडेय ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें गोली मारकर घायल कर दिया। इस मामले में वे भी जेल जा चुके हैं।
गोली लगने से घायल बृजेश मिश्र के खिलाफ कंधई थाने में चार मुकदमे दर्ज हैं। वह एक बार जेल भी जा चुका है। जिन लोगों पर वह गोली मारने का आरोप लगा रहा है, उनके खिलाफ भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।कंधई पुलिस के पास पीड़ितों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। इस बारे में कंधई एसओ का कहना है कि जांच की जा रही है। मामला संदिग्ध लग रहा है। पीड़ित की ओर से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। चिकित्सकों से बातचीत के दौरान यह भी पता चला कि दोनों को गोली नहीं लगी है। गन पाउडर से जलने की बात डाक्टर कह रहे हैं।