कुंडा। शराब पीकर घर पहुंचने पर युवक का पत्नी से विवाद हो गया। विवाद इतना अधिक बढ़ा कि पति ने घर में रखा तेजाब जबरन पत्नी को पिला दिया। उधर, पत्नी ने भी बोतल छीनकर पति पर तेजाब फेंक दिया। घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पति की पिटाई कर दी। हालांकि तेजाब पेट में जाने के कारण विवाहिता की हालत खराब हो गई। परिजन उसे लेकर कुंडा सीएचसी पहुंचे, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। इस मामले में पुलिस विवाहिता के ननदोई को थाने उठा लाई।
महेशगंज थाना क्षेत्र के हीरागंज बाजार निवासी सोनू सोनी शुक्रवार की देर रात शराब पीकर घर पहुंचा। इस पर उसकी पत्नी से तकरार होने लगी। बातचीत इतनी अधिक बढ़ गई कि मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान सोनू ने पत्नी खुशबू को घर में जेवर साफ करने के लिए रखा तेजाब जबरन पिला दिया। हाथापाई के दौरान खुशबू ने तेजाब उसके हाथ से छीन लिया और सोनू पर फेंक दिया।
मारपीट की जानकारी पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने नशे में धुत सोनू की पिटाई कर दी। खुशबू की हालत खराब होती देख उसे एम्बुलेंस से उसके चचिया ससुर छोटे व उसकी ननद रन्नो देवी कुंडा सीएचसी लेकर पहुंची। वहां से चिकित्सकों ने उसे इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। देर रात महेशगंज पुलिस उसके घर पहुंची और घर में मौजूद विवाहिता के ननदोई पप्पू सोनी को थाने उठा लाई। उधर, इलाहाबाद के एसआरएन में विवाहिता की हालत नाजुक बनी हुई है।