पुलिस से बेखौफ बाइक सवार तीन बदमाशों ने बुधवार को दिनदहाड़े पेट्रोल पंप मैनेजर से तमंचे के बल पर 5.38 लाख रुपये लूट लिए। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लूट की वारदात की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। मातहतों की मौके पर ही क्लास लगाई। बदमाशों की धरपकड़ के लिए सर्च अभियान चलाया। मैनेजर ने पुलिस को तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
लालगंज कोतवाली के सगरासुंदरपुर बाजार के समीप लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर लक्ष्मी आटोमोबाइल्स पेट्रोलपंप है। जिसके संचालक राजीवमणि त्रिपाठी हैं। बुधवार दोपहर एक बजे पेट्रोल पंप के मैनेजर जगदीश बहादुर सिंह निवासी भुपियामऊ नगर कोतवाली जीप से जोगापुर निवासी चालक अमरजीत रावत के साथ ब्रीफकेस में 3 लाख 63 हजार रुपये नकद व 1 लाख 75 हजार रुपये का चेक एसबीआई में जमा करने के लिए निकले। पेट्रोल पंप से सौ मीटर दूर वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर स्थित एक ढाबे के सामने तीन बदमाश पहुंचे और बाइक जीप के आगे खड़ी कर दी। बाइक से दो बदमाश तमंचा लहराते हुए उतरे और मैनेजर व चालक की कनपटी पर सटा दिया।
तीसरा बदमाश तमंचा लेकर खड़ा था। बदमाशाें ने तमंचे के बल पर रुपये से भरा ब्रीफकेस मैनेजर से छीन लिया। रुपये लूटने के बाद बदमाश लालगंज की ओर भाग निकले। दिनदहाड़े हाईवे पर लूट की खबर से सनसनी फैल गई। मैनेजर ने पुलिस को घटना से अवगत कराया। लूट की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ के बाद बदमाशों के पीछे पुलिसकर्मी भागे, लेकिन तब तक वह दूर जा चुके थे। सूचना पर कुछ ही देर में पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा व अपर पुलिस अधीक्षक शिवाजी शुक्ल दल बल के साथ मौके पहुंचे। उन्होंने पीड़ित व चश्मदीदाें से घटना की बावत करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ की। मातहतों की जमकर क्लास लगाई। इसके बाद बदमाशों की तलाश में सर्च अभियान चलाया। मैनेजर जगदीश बहादुर सिंह ने अज्ञात बदमाशाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी है। एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि बदमाशों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं।