पूर्व महाधिवक्ता एसएमए काजमी की मंगलवार को प्रतापगढ़ के भदरी के समीप सड़क हादसे में मौत हो गई। वह टाटा सफारी से लखनऊ जा रहे थे।
भदरी चौराहे के पास बाइक सवार को बचाने के चक्कर में ड्राइवर गाड़ी पर से संतुलन खो बैठा और सफारी खाई में गिरने के बाद एक पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। उनके ड्राइवर, दामाद के भाई और एक कर्मचारी की हालत गंभीर है। शव को पोस्टमार्टम के लिए इलाहाबाद भेज दिया गया। तीनों घायलों को भी एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इलाहाबाद के लूकरगंज रहने वाले सैयद मोहम्मद अली काजमी (62) उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व महाधिवक्ता थे। वह मंगलवार को अपने दामाद के छोटे भाई वकील सैयद इकबाल अहमद (35), सहायक शमीम (30) के साथ मुकदमे के सिलसिले में लखनऊ जा रहे थे।
गाड़ी उनका ड्राइवर साबिर अली (35) चला रहा था। साबिर के मुताबिक हथिगवां थाना क्षेत्र के भदरी चौराहे को पार करते ही टाटा सफारी के सामने बाइक सवार आ गया। उसको बचाने के लिए उसने सफारी को दाहिनी ओर काटा। सफारी अनियंत्रित होकर खाईं में गिर गई और एक पेड़ से टकराने के बाद पलट गई।
मदद के लिए पहुंचे लोगों ने किसी तरर्ह इंट से गाड़ी का दरवाजा तोड़ा और घायलों को बाहर निकाला। इस बीच पहुंचे डॉ.लाल बहादुर पांडेय ने निजी वाहनों को रोककर सभी को कुंडा सीएचसी पहुंचाया। कुंडा के अधिवक्ताओं को इसकी जानकारी हुई तो वह भी सीएचसी पहुंच गए। डॉक्टरों ने सीएचसी में पूर्व महाधिवक्ता को मृत घोषित कर दिया। एसआरएन में भर्ती कराए घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।