आसपुर देवसरा के परदहा सुमेर गांव के करीब घर जा रहे युवक पर गांव के नशेड़ी युवक ने फायरिंग कर दी। घटना में घायल 22 वर्षीय युवक का इलाज परिजन एसआरएन इलाहाबाद में करा रहे हैं। इस बाबत पीड़ित के पिता ने एक को नामजद करते हुए हत्या के प्रयास की तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की है। इधर पुलिस फायरिंग की घटना से इंकार कर रही है।
देवसरा इलाके के भाटपट्टी गांव निवासी सोहैल खान (22) पुत्र यासीन व कयूम पुत्र मकबूल खान बीते 16 मई की शाम घर वापस जा रहे थे। आरोप है की पुरानी रंजिश में घात लगाए परसदहा सुमेर निवासी एक नशेड़ी युवक ने उन पर फायर झोंक दिया। जिससे सोहैल जख्मी हो गया। घटना की सूचना पुलिस को देने के साथ परिजन उसे जिला चिकित्सालय ले गए, जहां से उसे एसआरएन रेफर कर दिया गया। घायल किशोर के चाचा युसूफ खान ने बताया कि आरोपी अराजक तत्व किस्म का दबंग व्यक्ति है। थानाध्यक्ष आसपुर देवसरा बालकृष्ण शुक्ल ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर वह गए थे, लेकिन जांच में लाठी-डंडे से हमले का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।