जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि एक पक्ष ने जमकर हवाई फायरिंग भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से दो को चिकित्सकों ने रेफर कर दिया है। पुलिस फायरिंग की घटना से इंकार कर रही है। उधर दोनों पक्षों की तहरीर पर छह नामजद व तीन अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
महेशगंज थाना क्षेत्र के पींग गांव निवासी अनिल कुमार के घर से सटा हुआ उमेश कुमार आदि का खेत है। उमेश कुमार सहित कुछ लोग खेत की जोताई कराने के लिए सुबह आए थे। इस दौरान अनिल कुमार ने घर के बगल नाली के लिए थोड़ी जमीन न जोतवाने की बात कही। इस पर दोनों के बीच बहस होने लगी। बस थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों से जमकर लाठी डंडे चले। इसमें दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हो गए। इसमें एक पक्ष के अनिल कुमार व रमाकांत पांडेय, दूसरे पक्ष से उमेश, उनकी मां शीनारानी व संजय कुमार शामिल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल उमेश व संजय को रेफर कर दिया है। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने छह ज्ञात व तीन अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ महेशगंज ने बताया कि गोली नहीं चली है। मारपीट हुई है पुलिस कार्रवाई कर रही है।
चला फावड़ा, बाप-बेटा घायल
कंधई इलाके के पूरे देवजानी गांव में पुरानी रजिंश को लेकर पिता-पुत्र पर फावड़े से हमला किया गया। घर में घुसकर तोड़फोड़ भी की गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट, तोड़फोड़ समेत विभिन्न धारओं में मामला दर्ज किया है।
कंधई इलाके के पूरे देवजानी निवासी जलील अहमद पुत्र मोहम्मद गफूर का आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर शुक्रवार रात गांव के अब्दुल बाकी, अब्दुल वसी, अनीस, व अब्दुल हमीद आदि लाठी-डंडा लेकर उसके दरवाजे आ गए। दरवाजे पर मिट्टी बराबर कर रहे उनके बेटे आबिद अली पर फावड़े से प्रहार कर दिया। इसके दौरान जब वह घर में भागा तो वहां भी आकर उसे पीटा। पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। इधर, पट्टी कोतवाली के हरीपुर वरदैता गांव निवासी सुधा देवी पत्नी राम नारायण का आरोप है कि गांव के गिरीशचंद्र, विनय कुमार, व हरिश्चद्र ने जमीन की रंजिश में लाठी डंडे से हमला किया।
जबकि विनय कुमार ने दिनेश व विपिन पर मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मारपीट का मामला दोनों पक्षों का दर्ज कर लिया है। पट्टी कोतवाली क्षेत्र के ही जगदीशपुर गांव निवासी उर्मिला पत्नी गोविंद को गांव के ही अनिल, राहुल, शांति व गीता ने मारपीट कर घायल कर दिया। जबकि शंकुतला पत्नी चंद्रभान निवासी सदहा को गांव के रमाशंकर व रामराज ने मारापीटा। वहीं पूरे देवजानी कंधई निवासी सरवरी पत्नी मोहम्मद वसी ने नाली के विवाद में पड़ोसी आबिद अली समेत अन्य पर मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।