शातिर डब्बू के गुर्गे ने सर्राफ को फोन पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये न मिलने पर पूरे परिवार को अंजाम भुगतने की धमकी दी। धमकी से भयभीत व्यापारी नेताओं ने सीओ सिटी से मामले की शिकायत कर धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नगर कोतवाली के पंजाबी मार्केट में प्रदीप कुमार की शगुन ज्वैलर्स के नाम से आभूषण की दुकान है। दुकान पर प्रदीप के अलावा उसका भाई संदीप भी बैठा करता है। प्रदीप की मानें तो 4 मार्च 2017 को दोपहर में उसके मोबाइल नंबर पर काल आई। फोन करने वाले ने तेज आवाज में धमकी देते हुए कहा कि 10 लाख रुपये तैयार रखना, कल आकर मेरा आदमी ले जाएगा। इतना कहने के बाद उसने अपना फोन कट कर दिया। प्रदीप ने समझा किसी ने उसके साथ मजाक किया है। वह अपने काम धंधे में लग गया। 14 मार्च की शाम वह अपनी दुकान पर बैठा था तभी दूसरे वाले मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि वह डब्बू का आदमी बेगमवार्ड निवासी मोहम्मद अरशद बोल रहा है। कहने के बाद भी दस लाख रुपये उपलब्ध नहीं कराए।
अब तुम्हे हर माह एक लाख रुपये देना होगा। यदि ऐसा नहीं किए तो पूरा परिवार अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे। इसके बाद फोन कट गया। इस धमकी से पूरा परिवार परेशान हो उठा। बुधवार को पीड़ित सर्राफ प्रदीप ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की। शहर कोतवाल ने मामले की जांच करने के लिए मकंद्रूगंज चौकी प्रभारी को लगाया। 30 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया। जिससे परेशान सर्राफ प्रदीप व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह छाबड़ा की अगुवाई में सीओ सिटी से मिला।
हाल ही में महिला डॉक्टर से मांगी गई थी रंगदारी
महिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर मीनाक्षी पांडेय से रंगदारी मांगी गई थी। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। बाद में पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो पता चला कि आशा बहू के बेटे ने डॉक्टर को धमकी दी थी। जिसे पुलिस ने हिरासत में लिया था हालांकि बाद में कार्रवाई के बजाय उसे छोड़ दिया गया।