क्षेत्र के एक युवती को नशीला इंजेक्शन लगाकर झोेलाछाप डॉक्टर ने क्लीनिक के अंदर दुष्कर्म किया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। युवती की आपबीती सुनकर आक्रोशित परिजनों ने क्लीनिक पर हंगामा किया और चिकित्सक की जमकर पिटाई की। लोकलाज के भय से पीड़िता के परिजनों ने पुलिस से शिकायत नहीं की। रानीगंज इलाके की एक 20 वर्षीय युवती को डायरिया हो गया था। गुरुवार को उल्टी व दस्त होने से परेशान युवती को लेकर उसकी मां पड़ोसी गांव के बाजार स्थित एक झोलाछाप डॉक्टर के क्लीनिक पर पहुंची। चिकित्सक ने उसे क्लीनिक के अंदर बेड पर लेटाकर ग्लूकोज की बोतल चढ़ाने लगा। युवती को मां को घर पैसा लाने के लिए भेज दिया।
आरोप है कि इसी बीच चिकित्सक ने ग्लूकोज की बोतल में नशीला इंजेक्शन डालकर चढ़ा दिया। इससे थोड़ी देर बाद युवती बेहोश हो गई। चिकित्सक ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। युवती की मां का आरोप है कि जब युवती होश में आई तो उसने अपने मोबाइल से घरवालों को आपबीती सुनाई। खबर मिलते ही युवती के गांव की तमाम महिलाएं व पुरुष क्लीनिक पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो काफी संख्या में भीड़ देखकर झोलाछाप चिकित्सक भागने का प्रयास करने लगा तभी महिलाओं ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी। कुछ ही देर में अगल बगल के दुकानदारों ने पहुंचकर बीच बचाव किया। पीड़िता के परिजनों ने खबर लिखे जाने तक पुलिस को घटना की जानकारी नहीं दी थी। रानीगंज एसओ लल्लन यादव ने बताया कि अभी ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर युवती का मेडिकल कराया जाएगा। इसके बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होगी।