थाना क्षेत्र के कुंभापुर गांव में बीते एक वर्ष पूर्व कोटेदार की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को दो हत्यारोपियों को दबोच कर जेल भेज दिया। गौरतलब है कि बीते वर्ष 17 जून को गांव के कोटेदार रमेश वर्मा की जहर देकर हत्या की गई थी। मृतक का शव बाबा धाम के सई नदी किनारे संदिग्ध दशा में बरामद हुआ था। रमेश की मौत के पहले गांव के पूर्व प्रधान शंकरदास जायसवाल पर उसे फोनकर कहीं बुलाए जाने की बात भी सामने आई थी। घटना को लेकर मृतक के भाई सुरेश ने पूर्व प्रधान शंकरदास समेत परिवार के छह लोगाें के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना को लेकर बाजार में ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था और मृतक की पत्नी गीता देवी के साथ बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने सांगीपुर लालगंज हाइवे पर कई घंटे शव रखकर जाम भी लगा दिया था।
मंगलवार को बाबा धाम में मेला होने के नाते दर्शनार्थियों की भी क्षेत्र के अगल बगल से भारी भीड़ वहां जमा हो गई थी। कोटेदार की हत्या से गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर पत्थरबाजी भी की थी। तब वहां स्थिति बिगड़ने पर तत्कालीन एएसपी एवं सीओ के साथ सर्किल के कई थानों की फोर्स व पीएसी ने किसी तरह हालात पर काबू पाया था। मृतक रमेश वर्मा की मौत जहर देकर होने की बात एफआईआर में होने से पुलिस ने शव का पीएम कराया था। पीएम के बाद बिसरा सुरक्षित कर लखनऊ अनुसंधान केन्द्र परीक्षण के लिए भी पुलिस ने भेजवाया था। बिसरा में अनुसंधान केन्द्र द्वारा परीक्षण के तहत जहर की पुष्टि हो गई। रिपोर्ट आने के बाद सांगीपुर पुलिस ने बुधवार की सुबह हत्यारोपी पूर्व प्रधान शंकरदास जायसवाल व उसके बेटे संतोष कुमार को भोर में घर से धर दबोचा। पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को हिरासत में लेकर साल भर पहले दर्ज कराए गए हत्या के मामले में जेल भेज दिया।