कुंडा। झोलाछाप के गलत इलाज से एक किशोर की मौत हो गई। परिजन उसे लेकर झोलाछाप के क्लीनिक पर बुखार का इलाज कराने पहुंचे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। महेशगंज थाना क्षेत्र के रायगढ़ कुटुलिया निवासी रोहित गौतम (16) पुत्र स्व.श्रीराम हरिजन के हाथ-पैर में दर्द था। उसका इलाज कराने के लिए उसका बड़ा भाई धुन्नीलाल कुंडा के समापुर निवासी अपने बहनोई संजय कुमार के घर आया था। बहनोई उसे बगल में ही मौजूद चांदसी दवाखाना के डीके सेन के पास इलाज के लिए ले गया।
आरोप है कि चिकित्सक ने गलत इंजेक्शन लगा दिया। इससे उसका शरीर ऐंठने लगा। इस पर उसका भाई और रिश्तेदार उसे दूसरी जगह ले जाने की बात कहने लगे। बावजूद इसके चिकित्सक उसे ठीक करने का दावा करता रहा। शाम करीब चार बजे जब उसकी नब्ज बंद होने लगी तो परिजन उसे जबरन सीएचसी कुंडा ले आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे उसके परिजनों में चीखपुकार मच गई। घरवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।